क्राइम न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़।
महानगर के थाना देहली गेट के एक क्षेत्र में नाबालिग लड़की के साथ गैंगरेप की घटना में कोर्ट के दखल के बाद आरोपी तीन युवकों के खिलाफ शुक्रवार को थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज की। तीनों के साथ गैंगरेप सहित मारपीट की धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ है।
घटना 13 सितंबर की रात की है। देहली गेट थाना के एक क्षेत्र में नाबालिग लड़की का परिवार रहता है। लड़की के पड़ोस में एक महिला देह व्यापार का धंधा चलाती है।
इस बात का विरोध किशोरी की विधावा मां ने किया तो महिला ने 13 सितंबर की रात को किशोरी के घर पर तीन युवकों को भेज दिया। युवक छत के रास्ते होते हुए उसके घर में प्रवेश कर गए और आंगन में सोई किशोरी को उठा लिया और उसके साथ मारपीट करते हुए दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया।
पीड़िता की मां ने इस मामले में थाना पुलिस से लेकर महिला थाना तक में तहरीर दी थी। मगर, उसकी कहीं सुनवाई नहीं हुई तो उसने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने दो युवकों के खिलाफ नामजद एवं एक के खिलाफ अज्ञात में मुकदमा दर्ज किया है।