क्राइम न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़।
महानगर की न्यू विष्णुपुरी कालोनी में चोर एक तालाबंद मकान पर धावा बोल एक लाख रुपये के जेवरात और कुछ गर्म कपड़े चोरी कर ले गए। पीड़ित ने पूर्व में किराए पर रहने वाले एक होमगार्ड पर चोरी का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
थाना सिविल लाइंस क्षेत्र की विष्णु पुरी कालोनी में रिटायर्ड सिंचाई कर्मी अशोक शर्मा का मकान है। वह घर में अकेले रहते हैं। पत्नी का कई वर्ष पहले देहांत हो गया। दो बेटे विदेश में रहकर नौकरी करते हैं।
अशोक शर्मा के अनुसार सात दिसंबर को दिल्ली में रहने वाली अपनी बेटी के पास गए थे। वहां एक समारोह था। 21 दिसंबर की शाम घर लौटे तो घर के गेट का ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो घर सामान बिखरा पड़ा था। साथ ही तिजोरी खुली पड़ी थी।
तिजोरी से करीब एक लाख रुपये के जेवर और 3 हजार की नगदी गायब मिली। थाना सिविल लाइंस इंस्पेक्टर विनोद कुमार के अनुसार मामले में छानबीन की जा रही है। अशोक शर्मा ने बताया कि पूर्व में एक होमगार्ड घर में किराए पर रहता था। वह यहां अय्याशी करने लगा था। विरोध करने पर वह जान से
मारने की धमकी देता था। एक दिन होमगार्ड की पत्नी को उसकी करतूतों का पता लगा तो वह कमरा खाली कराके उसे साथ ले गई। अशोक शर्मा का आरोप है कि होमगार्ड ने ही चोरी की वारदात को अंजाम दिया है।