क्राइम डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
आगरा रोड स्थित रावत नर्सिंग होम पर मंगलवार शाम प्रसूता की मौत के बाद हुए हंगामे के प्रकरण में पुलिस ने महिला के पति की तहरीर पर डॉक्टर दंपती पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। हादसे की धाराओं में दर्ज मुकदमे को लेकर अब सीएमओ को रिपोर्ट भेजी जाएगी। फिर सीएमओ स्तर से मिलने वाली जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
इधर, पुलिस को पक्ष जानने के लिए डॉक्टर दंपती नहीं मिले हैं। वहीं पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण खून की कमी होना बताया गया है। जानकार डॉक्टर बताते हैं कि सामान्यत: प्रसव के समय अत्यधिक रक्तस्राव से भी खून की कमी हो जाती है।
घटनाक्रम के अनुसार गभाना के पला सल्लू निवासी अजीत की पत्नी पूजा की मंगलवार को प्रसव के कुछ घंटे बाद शाम को मौत हो गई थी। परिजनों का आरोप था कि जब डॉक्टर व स्टाफ आदि से कारण पूछा तो वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। बल्कि उल्टा सीधा भी जवाब दिया। इस पर गुस्साए परिजनों ने हंगामा काटा था। बाद में आई पुलिस ने शव कब्जे में लेकर कार्रवाई का भरोसा दिलाया था।
सीओ प्रथम विशाल पांडेय के अनुसार इस मामले में पति अजीत की तहरीर पर डॉक्टर महेश चंद्र रावत व आभा रावत के खिलाफ हादसे की धाराओं में महिला की मौत का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार को सौंप दिया है। अब सीएमओ को रिपोर्ट भेजकर जांच तलब की जाएगी। फिर आगे कार्रवाई होगी।