क्राइम डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
महानगर के खैर रोड इलाके में दुष्कर्म का शिकार हुई चार साल की बच्ची की हालत में अब काफी सुधार है। गुरुवार को उसे ऑपरेशन के बाद वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया। इधर, भाजपा नेताओं ने एडीएम सिटी व एसपी सिटी से मुलाकात कर परिवार को आर्थिक मदद और इलाके में कुट्टू के खिलाफ अभियान चलाने पर जिक्र किया। इस पर अधिकारियों ने सहमती जताई है और फिलहाल परिवार को 20 हजार रुपये की मदद दिया जाना तय हुआ है। वहीं हिंदू जागरण मंच ने भी इस मुद्दे पर एडीएम सिटी को ज्ञापन दिया।
दो दिन पूर्व बच्ची के साथ हुई घटना के बाद बच्ची को मेडिकल में भर्ती कराया गया था, जहां बच्ची के ऑपरेशन के बाद हालत में सुधार है। वहीं परिवार द्वारा आरोपी को फांसी व आर्थिक मदद की बात उठाई गई है।
इसे लेकर गुरुवार को वरिष्ठ भाजपा नेता व मेयर प्रत्याशी रहे डॉ. राजीव अग्रवाल ने एडीएम सिटी व एसपी सिटी से मुलाकात की। इस पर एडीएम सिटी ने तत्काल बच्ची के परिवार को 20 हजार रुपये देने की घोषणा की।
वहीं एसपी सिटी ने जल्द से जल्द कुट्टू के खिलाफ अभियान चलाने की बात कही। इस मौके पर मानव महाजन, हरिबाबू गुप्ता, विजय गुप्ता, वार्ड पार्षद विनोद कुमार, सूरज कुमार, गंगा प्रधान, राजेन्द्र कुमार आदि थे।
वहीं हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री के नाम एक 4 सूत्री ज्ञापन डीएम की अनुपस्थिति में एडीएम सिटी को सौंपा। यहां हरियाणा की तर्ज पर 10 साल से कम उम्र बच्चियों संग रेप में फांसी का कानून बनाने की मांग की गई।
इस मौके पर मुआवजे आदि का मुद्दा भी उठाया। इस मौके पर प्रदेश मंत्री संजू बजाज, अमर कुमार, हरिश्चंद्र, कन्हैया कुमार, प्रमोद कुमार, कौशल कुमार, संजू राजपूत, राजा लोधी, दीपक कुमार आदि थे।