न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
एएमयू के यूनियन हॉल में मोहम्मद अली जिन्ना की तस्वीर को लेकर मई महीने (2018) में बवाल हो चुका है। मई के पहले सप्ताह में एएमयू छात्र संघ द्वारा पूर्व उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी को आजीवन सदस्यता प्रदान किया जाना था।
हिंदू जागरण मंच आदि के कार्यकर्ता जिन्ना की तस्वीर का विरोध करते हुए बाब-ए-सैयद तक पहुंच गये। वे लोग तस्वीर हटाने की मांग कर रहे थे। कार्यकर्ताओं एवं एएमयू छात्रों के बीच झड़प भी हुई। उस समय पूर्व उपराष्ट्रपति गेस्ट हाउस नंबर एक में मौजूद थे।
बाद में थाना सिविल लाइन में हिंदूवादी कार्यकर्ताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने जा रहे बेकाबू छात्रों पर लाठीचार्ज कर दिया गया। कई दिनों तक एएमयू छात्रों ने दोषी कार्यकर्ताओं एवं पुलिस प्रशासन के खिलाफ कार्यवाही की मांग को लेकर आंदोलन चलाए थे।
मौलाना आजाद लाइब्रेरी में जिन्ना की तस्वीर का मामला सामने आने के बाद एक बार फिर एएमयू की राजनीति गरमाने की आशंका है।