क्राइम डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
महानगर के अचलताल वाल्मीकि बस्ती में बुधवार देर रात दीवार गिरने से नगर निगम के संविदा सफाईकर्मी की मौत के मामले में मुआवजा व मुकदमे के बाद शव का गुरुवार शाम कड़ी सुरक्षा व भारी भीड़ के बीच अंतिम संस्कार कर दिया गया। इस संबंध में दर्ज मुकदमे में अतरौली के पूर्व विधायक वीरेश यादव के बहनोई मनोज यादव, उनके बड़े भाई अधिवक्ता हरीश चौधरी, तीसरे भाई बबलू को गैरइरादतन हत्या व दलित उत्पीड़न का नामजद आरोपी बनाया गया है।
बता दें कि मनोज यादव ने 2017 के विधानसभा चुनाव में रालोद के टिकट पर अतरौली से चुनाव लड़ा था और वर्तमान में वह भाजपा में हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की नुमाइश मैदान रैली में भाजपा की सदस्यता ग्रहण की थी।
एचबी इंटर कॉलेज के सामने वाल्मीकि बस्ती में बुधवार देर रात एक प्लाट की दीवार गिरने से उसमें दबकर 20 वर्षीय सागर पुत्र संजय की मौत हो गई थी, जबकि उसके दो साथी जख्मी हुए थे। इसके बाद रात में पब्लिक ने मुआवजा, मुकदमा व नौकरी की मांग को लेकर जाम लगाया था। पुलिस प्रशासनिक आश्वासन पर रात जाम खुला। इसके बाद सुबह से ही पोस्टमार्टम केंद्र पर भारी भीड़ जमा रही। दोपहर बाद पोस्टमार्टम हो सका।
इस दौरान मोहल्ले में पुलिस व पीएसी एहतियातन तैनात रही। यहां मुआवजे को लेकर दिन भर खींचतान मची रही। शाम को तहसील प्रशासन ने दैवीय आपदा राहत कोष से 4 लाख रुपये के मुआवजे का पत्र व मुकदमे की प्रति दी। तब परिजन अंतिम संस्कार को तैयार हुए। वहीं शेष रकम के लिए जल्दी भरोसा दिलाया गया है और नौकरी के लिए भी आश्वासन दिया गया है।
इस दौरान वरिष्ठ कांग्रेस नेता श्यौराज जीवन, राजेश राज जीवन, प्रदीप भंडारी, राजीव भारती आदि पोस्टमार्टम पर परिजनों को समझाते रहे। साथ में पुलिस प्रशासन को चेतावनी दी गई कि अगर उनकी शेष मांगें न मानी गईं तो वह परिवार के साथ हैं और किसी भी स्तर तक आंदोलन को बाध्य होंगे।
जब मुकदमा व मुआवजा तय होने पर स्थिति सामान्य हुई। शाम को शव घर पहुंचने के बाद पुलिस सुरक्षा में अंतिम संस्कार के लिए ले जाया गया। इस मौके पर शहर विधायक संजीव राजा, पूर्व मेयर शकुंतला भारती आदि भी मौजूद रहे। परिवार को हर संभव मदद का भरोसा भी दिलाया।