क्राइम न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़।
मडराक पुलिस ने शुक्रवार रात को वाहन चेकिंग के दौरान एक वाहन चोर को एक चोरी की बाइक सहित हिरासत में लिया। मौके से चोरों के पास एक तमंचा भी बरामद हुआ।
इसके साथ ही पुलिस ने पूछताछ कर चोरी की दो कारों सहित उसके दो अन्य साथियों को भी पकड़ लिया। पुलिस के अनुसार गिरोह दिल्ली से वाहनों को चोरी करके अलीगढ़ में भेजा करते थे।
मडराक थाना इंस्पेक्टर के अनुसार वह टीम के साथ गांव बढ़ौली फत्ते खां के मार्ग पर चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान एक बाइक युवक आया। उसे रोककर बाइक के कागज मांगे तो वह दिखा नहीं सक ा।
शक के चलते उसकी तलाशी ली गई तो उसके पास से एक तमंचा और कुछ कारतूस बरामद हुए। उसे हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ की गई तो उसने वाहन चोर होने की बात कुबूल की।
इसके साथ ही उसने अपने साथियों योगेश जाटव पुत्र सूरजपाल निवासी पडियावली, मडराक और अनिल पुत्र चंद्रपाल जाटव निवासी जवां के भी गिरोह में शामिल होने की जानकारी दी।
पुलिस ने उसकी निशानदेही पर दोनों को गिरफ्तार किया। उनके पास से चोरी की एक सैंट्रो और एक वेगनआर कार को भी बरामद किया। तीनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया है।