क्राइम न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़
कस्बा जट्टारी में भाजपा नेता के बेटे के शादी समारोह में डीजे पर डांस को लेकर हुए विवाद के बाद भाजपा नेता के बेटे नमन की हत्या के तीन आरोपी बुधवार को जेल भेज दिए गए। इससे पहले तीनों को यहां जिला मुख्यालय पर मीडिया के सामने पेश किया गया। बता दें कि अभी इस मुकदमे में हत्याकांड का मुख्य आरोपी फरार है, जिसकी तलाश में एक टीम लगातार दबिश दे रही है।
एसपीआरए मणीलाल पाटीदार ने पुलिस कार्यालय में प्रेसवार्ता में बताया कि इस हत्याकांड के मूल में अब तक की जांच व पूछताछ में इतना ही समझ में आया कि यह हत्या शराब के नशे में हुई थी। डीजे पर हुए झगड़े के बाद नशे में धुत आरोपियों के निशाने पर नमन से पहले उसके अन्य साथी थे। मगर उन्हें अचानक नमन दिखाई दे गया और उसकी हत्या कर दी। एसपी देहात के अनुसार इस हत्याकांड में मुख्य भूमिका सन्नी उर्फ सागर निवासी उसरह की है। वह अभी फरार है। उसकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही हैं।
एसपी देहात के अनुसार पकड़े गए विक्रांत उर्फ विकी पुत्र सुशील भारद्वाज निवासी इतवारपुर हाल जट्टारी पेट्रोल पंप, मनीष उर्फ खिल्लू पुत्र टीटू व लालसिंह उर्फ नकटा पुत्र धर्मवीर सिंह निवासीगण उसरह को जेल भेजा गया है। इन तीनों से तीन तमंचे, मय कारतूस व दो बाइक बरामद हुई हैं। इस गिरफ्तारी में इंस्पेक्टर संजय पांडेय व उनकी टीम की भूमिका रही है।