क्राइम न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़
महानगर के खैर बस अड्डा पर चार युवकों ने मंगलवार शाम एक युवक के साथ मारपीट कर लूट की वारदात को अंजाम दिया। लुटेरे युवक से 30 हजार रुपये की नगदी और एक स्मार्ट फोन लूटकर ले गए। युवक को पुलिस ने देर शाम लहूलुहान हालत में उपचार के लिए मलखान सिंह जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पीड़ित ने चार अज्ञात लुटेरों के खिलाफ थाना देहली गेट पुलिस को तहरीर दी है।
बबलू पुत्र मोतीराम थाना देहली गेट के इंद्रा नगर का रहने वाला है। वह अपने घर पर ही लोहे के जंक्शन बॉक्स बनाने का काम करता है। मंगलवार को ठेकेदार दौजी राम निवासी नगला महताब से काम करने के एवज में 30 हजार रुपये का हिसाब करके घर को लौट रहा था। रास्ते में वह खैर अड्डा स्थित एक अंडा की ठेल पर अंडे खाने के लिए रुका। उसी वक्त वहां चार लोग आ गए। उन्होंने युवक के पास नगदी देख उसे दबोच लिया। उसके साथ मारपीट कर नगदी और स्मार्टफोन लूटकर भाग गए। आस-पास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बबलू को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पूछताछ में उसने अपना नाम-पता बताया तो पुलिस ने परिजनों को घटना की जानकारी दी। परिजन भी रात को अस्पताल पहुंच गए। पीड़ित की तहरीर के आधार पर अज्ञात लुटेरों की तलाश में जुट गई है।