क्राइम डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
टप्पल के गांव सालपुर में सोमवार सुबह-सुबह हुए दोहरे हत्याकांड में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। बुधवार को टप्पल थाने का दरोगा मामले में परिजनों के बयान लेने मृत महिला राधा उर्फ यशोदा के गांव जेवर गए और इसी तरह प्रताप के गांव भी गए। वहां भी उसके परिजनों से जानकारी दी। इधर, बुधवार को विजयपाल को यहां आना था, मगर वह नहीं आ सका। अब गुरुवार के उसके यहां आने की उम्मीद है।
विजयपाल अपनी पत्नी यशोदा उर्फ राधा एवं पांच बच्चों के साथ टप्पल थाने के गांव सालपुर में रहने लगा था। उसके यहां प्रताप उर्फ डिंपल और उसके भाई प्रभात उर्फ मोनू पुत्रगण खुशीराम निवासी जेवर, जिला गौतमबुद्ध नगर का आना जाना हो गया था। राधा गांव में उन्हें अपना चचेरा भाई बताती थी, जबकि हकीकत में आर्थिक तंगी के चलते उसके प्रताप और प्रभात से अवैध संबंध हो गए थे।
इन लोगों की बुरी नजर राधा की बड़ी बेटी पूनम पर थी। तीन दिन पहले पूनम ने यह बात अपने प्रेमी प्रवेश को बताई। इससे आक्रोशित प्रवेश सोमवार को तड़के पहर करीब चार बजे विजय के घर में घुसा और चारपाई पर सो रहे प्रताप व राधा की गोली मारकर हत्या कर दी।
इसके बाद वह सीधे बाजना पहुंचा, और वहां घर पर सो रहे प्रभात के गोली मार दी जो कि उसके जबड़े में लगी है। प्रभात को आगरा के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर स्थिर बनी हुई है।
इसके बाद विजयपाल अपने परिवार के साथ अंतिम संस्कार के लिए राधा का शव पैतृक गांव ले गया था। जहां अभी पूरा परिवार रुका हुआ है। बुधवार को टप्पल थाने के दरोगा इसके गांव पहुंचे और परिजनों के बयान दर्ज किए। चूंकि चौकीदार की तहरीर पर अभी मुकदमा दर्ज है। इसलिए आगे की कार्रवाई के लिए दरोगा वहां गया था।
जीतू की पीठ में लगी 315 की गोली
टप्पल क्षेत्र में बिरजूगढ़ी से जट्टारी की ओर जाते समय युवक जीतू उर्फ चंद्रप्रकाश की हत्या के मामले में उसके पिता देवेंद्र की ओर से थाने में नामजद तहरीर दी गई है। देवेंद्र के अनुसार वह अपनी मां महेंद्री देवी संग जा रहा था, तभी वहां पहले से खड़े समय सिंह, अमन, मनोज निवासीगढ़ बिरजूगढ़ी नोहझील ने उसकी हत्या कर दी। इस दौरान फायरिंग में बचाने आया अरविंद भी जख्मी हुआ है। हत्या के मूल में रंजिश का उल्लेख किया है। वहीं पोस्टमार्टम में उसके पीठ में 315 बोर की गोली फंसी मिली है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।