लोकसभा चुनाव के मद्देनजर जिले में चल रहे चेकिंग अभियान के क्रम में बुधवार सुबह स्टेटिक टीम के साथ कोतवाली पुलिस ने मथुरा रोड हाईवे बाईपास पुल से वाहन चेकिंग के दौरान दो पशु व्यापारियों से 18 लाख रुपये जब्त किए हैं। यह दोनों रकम लेकर पशु पैंठ सिकंदराराऊ जा रहे थे। जांच पड़ताल के दौरान जब दोनों बरामद रकम का हिसाब किताब नहीं दे सके और नहीं बता सके कि इतनी रकम कहां से आई तो यह रकम जब्त कर कोषागार में जमा करा दी गई।
इंस्पेक्टर कोतवाली राजीव सिरोही व स्टेटिक टीम के मजिस्ट्रेट मोहम्मद फैजान के साथ सुबह 9:45 बजे चेकिंग के दौरान ट्रक संख्या यूपी 81 सीटी 2264 को रोककर चेक किया। इस दौरान ट्रक में सवार शाकिर पुत्र मोहम्मद यासीन निवासी सराय मियां देहली गेट व यासीन पुत्र बुंदू खां एडीए देहली गेट के कब्जे से क्रमश: दस लाख 9 हजार रुपये व 7 लाख 95 हजार रुपये बरामद हुए।
इन दोनों से इस राशि के विषय में पूछने पर बताया कि वह पशु व्यापारी हैं और सिकंदराराऊ पशु पैंठ में पशु खरीदने जा रहे हैं। इस रकम का श्रोत नहीं बता पाए। इस पर दोनों से बरामद कुल रकम 18 लाख 4 हजार रुपये कोषागार में जमा करा दिए गए। अब इसे लेकर आयकर की टीम द्वारा जांच की जा रही है।