क्राइम न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़।
लोधा इलाके में मंगेतर संग घूमते समय टप्पल के फौजी और लैपर्ड के बीच मंगलवार की रात हुई मारपीट के मामले में फौजी को थाने से जमानत दे दी गई। बता दें कि टप्पल ब्लाक के एक गांव के फौजी का रिश्ता गांधी पार्क की युवती से तय हुआ है। फौजी की तैनाती वर्तमान में लखनऊ में है।
फौजी ने अपनी मंगेतर को खैर बाईपास स्थित गगन पब्लिक स्कूल के पास मंगलवार की रात को मिलने के लिए बुलाया था। दोनों वहां पर एक कार में बैठे बात कर रहे थे तभी लोधा थाने की लैपर्ड पहुंच गई।
लैपर्डकर्मियों ने बंद कार में एकांत जगह पर युवती और युवक की बातचीत को असामान्य मान कर टोका और पूछताछ शुरू की। इस पर भड़के फौजी ने सिपाही और होमगार्ड से मारपीट कर दी।
सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और सबको थाने ले गई। फौजी पर आरोप है कि उसने सिपाही के साथ मारपीट कर उसके कपड़े भी फाड़ दिए।
इधर, इंस्पेक्टर लोधा वीपी गिरी के अनुसार इस संबंध में फौजी राहुल के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा, मारपीट आदि धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। चूंकि धाराएं जमानती हैं, इसलिए उसे थाने से ही जमानत पर रिहा कर दिया गया है।