क्राइम डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
लोधा के गांव बढ़ौला हाजी में हुई प्रेमी-प्रेमिका की मौत के मामले में युवक के परिवार के आरोप और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ‘ऑनर किलिंग’ का नया मोड़ आ गया। अब पुलिस का मानना है कि किसी ने प्रेमी प्रेमिका की गोली मारकर हत्या की है। इसी आधार पर पुलिस ने चौकीदार की तहरीर पर दोहरे हत्याकांड का अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। हालांकि युवक के परिवार ने युवती के भाई व पिता को आरोपी बनाकर तहरीर दी है, पुलिस इसे जांच में शामिल करने की बात कह रही है।
दोपहर में पोस्टमार्टम के बाद दोनों शवों को अलग-अलग सुरक्षा घेरे में उनके गांवों तक पहुंचाया गया, जहां पुलिस की मौजूदगी में दोनों का अंतिम संस्कार कराया गया।
बढ़ौला हाजी के किसान भीष्मपाल सिंह के पांच बच्चों में तीसरे नंबर की आरती (24) व बगल के गांव हीरपुर नगला बाढ़ौन निवासी निखिल शर्मा (25) पुत्र स्व. जगदीश शर्मा की शनिवार रात करीब 11 बजे बढ़ौला हाजी के ही ईख के खेत में गोली लगने से मौत हो गई थी। रात के अंधेरे में मौका-ए-वारदात पर पाए साक्ष्यों से पुलिस इसे युवक द्वारा युवती की हत्या कर खुद आत्महत्या मानकर जांच कर रही थी। इसी आधार पर पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा था।
रविवार सुबह घटना में नया मोड़ आ गया। युवक के परिवार ने यह आरोप लगाया कि रात करीब आठ बजे युवती का भाई निखिल को गांव से किसी काम के बहाने बुलाकर ले गया। इसके बाद उसने निखिल व अपनी बहन आरती की पिता की मदद से गोली मारकर हत्या कर दी।
इधर, पोस्टमार्टम सूत्रों के अनुसार जिस तरह दोनों के सीने से सटाकर एक ही प्वाइंट पर गोली मारी गई है। उससे यह स्पष्ट है कि खुद को गोली मारने वाला इतना सटीक गोली अपने सीने में नहीं मार सकता। दोनों को किसी ने सटाकर गोली मारी है। इस आधार पर पुलिस ने रात को दी गई गांव के चौकीदार की सूचना पर दोहरे हत्याकांड में अज्ञात लोगों पर हत्या व साक्ष्य मिटाने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मुकदमा दर्ज करने की पुष्टि इंस्पेक्टर वीरेंद्र इंदौलिया ने की है। साथ ही कहा है कि युवक परिवार की तहरीर को इसी मुकदमे में शामिल किया जा रहा है। जो भी इस हत्याकांड का दोषी होगा, उस पर जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट व युवक के परिवार के आरोपों को देखते हुए हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। हर पहलू पर बारीकी से जांच कराई जा रही है, उसी आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सुरक्षा के बीच दोनों शवों का अंतिम संस्कार करा दिया गया है।
-अतुल श्रीवास्तव, एसपी सिटी