क्राइम न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़।
क्वार्सी इलाके के रामघाट रोड पर रविवार को जनपद के एक सीओ का प्राइवेट ड्राइवर कुछ युवकों से भिड़ गया। खुद को पुलिसकर्मी बताकर रंगबाजी दिखाने लगा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ड्राइवर को हिरासत में लिया। उसके पास से सीओ के एक गनर का पहचान पत्र भी मिला। सीओ से उसकी तस्दीक करने पर उसकी प्राइवेट चालक के तौर पर पहचान होने पर थाना पुलिस ने मामले को रफादफा कर उसे छोड़ दिया।
वाकया के अनुसार घटना दोपहर करीब डेढ़ बजे की है। रामघाट रोड स्थित ओएलएफ स्कूल के सामने टिक्की की ठेल पर सीओ का चालक आकर रुका। यहां उसका दो युवकों से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद होने पर वह खुद को पुलिसकर्मी बताकर वहां रंगबाजी करने लगा। इधर, इस बात की सूचना किसी ने थाना पुलिस को दे दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। थाने ले जाकर पूछताछ के दौरान उसके पास एक सीओ के एक गनर का पहचान पत्र निकला। इस पर थाना पुलिस ने संबंधित सीओ से तस्दीक की तो पता चला कि वह सीओ का प्राइवेट ड्राइवर है। इसके बाद पुलिस ने मामले को रफा-दफा कर उसे छोड़ दिया। बताया जा रहा है कि ड्राइवर सीओ की गाड़ी से उनके परिचित किसी परिवार को शहर से बाहर लेकर गया था। रास्ते में पड़ने वाले टोल प्लाजा पर गाड़ी नि:शुल्क पास कराने के लिए वह सीओ के गनर का पहचान पत्र साथ ले गया था।
हालांकि थाना क्वार्सी इंस्पेक्टर के अनुसार उन्हें इस मामले की जानकारी नहीं है। अगर, किसी की ओर से इस संबंध में तहरीर दी जाएगी तो मामले की जांच करा कार्रवाई की जाएगी।