क्राइम न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़।
महानगर के देहली गेट इलाके की अब्दुल करीम पुलिस चौकी से महज 25 कदम की दूरी पर स्थित एक कैटर्स के बंद मकान को चोरों ने बुधवार की रात को निशाना बना लिया। चोर घर से लाखों के गहने और तीन लाख की नगदी ले भागे। वैष्णो देवी से लौटे परिवार ने गुरुवार को अज्ञात चोरों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। चोरों की तलाश में आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
चंद्रभान निवासी अब्दुल करीम चौराहा, देहली गेट कैटरिंग का काम करते हैं। छह जून को वह परिवार के साथ वैष्णो देवी माता के दर्शन करने गए थे। चंद्रभान के अनुसार वह गुरुवार की सुबह घर पर पहुंचने ही वाले थे कि एक पड़ोसी ने फोन कर घर से ताले टूटे होने और मकान में चोरी होने की बात बताई।
यह सुनकर होश उड़ गए। घर आकर देखा तो कमरे में रखी अलमारी से लाखों के जेवर और तीन लाख की नगदी गायब थी। इस मामले में थाना पुलिस को तहरीर दे दी है। यह हालत तब है जब घर से मात्र 25 कदम की दूरी पर चौकी स्थित है। थाना देहली गेट इंस्पेक्टर के अनुसार चंद्रभान की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। अज्ञात चोरों की तलाश को सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।