क्राइम न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़।
महानगर की पॉश कालोनी स्वर्ण जयंती नगर में रहने वाले एक दवा कंपनी के मैनेजर के साथ 65 हजार रुपये के साइबर फ्राड का मामला सामने आया है। साइबर ठगों ने मैनेजर के बैंक खाते को हैक करके 65 हजार रुपये की शॉपिंग कर ली। मोबाइल पर बैंक द्वारा खाते से निकाली गई रकम का मैसेज मिलने के बाद मैनेजर के होश उड़ गए। थाना क्वार्सी में अज्ञात ठगों के खिलाफ तहरीर दी है।
संतोष कुमार शर्मा पुत्र रामगोपाल निवासी स्वर्ण जयंती नगर क्वार्सी ने बताया कि उनका रामघाट रोड स्थित एक्सिस बैंक शाखा में खाता है। वाकया सात जून का है। मोबाइल पर सुबह के समय खाते से 65 हजार रुपये निकाले जाने का मैसेज आया था। इससे पहले की मामले को समझ पाता तत्काल मोबाइल पर दूसरा मैसेज आया, जिसमें एटीएम कार्ड के ब्लाक होने की सूचना थी। जबकि एटीएम कार्ड घर पर ही रखा था। इस संबंध में बैंक शाखा के अधिकारियों को अवगत कराया तो उन्होंने हाथ खड़े कर दिए।
पूछताछ करने पर बदतमीजी पर आमादा हो गए। वहां से निराशा हाथ लगने पर कुछ जानकारों से इस संबंध में डिटेल निकालने को कहा तो उन्होंने बताया कि खाते को हैक करके 65 हजार रुपये की शॉपिंग की गई है। इसके बाद थाना क्वार्सी पुलिस को मामले में तहरीर दी है। इंस्पेक्टर क्वार्सी के अनुसार पीड़ित की तहरीर मिल गई है। मामले में कार्रवाई की जा रही है।