क्राइम न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़।
महानगर के गांधी पार्क इलाके केे छर्रा अड्डा पुल के नीचे रविवार की शाम को एक वृद्ध का शव मिलने से क्षेत्र में हत्या कर शव फेंके जाने की सनसनी फैल गई। हालांकि बाद में शव की शिनाख्त होने पर मामला आकस्मिक मौत का निकला।
वाकये के अनुसार शाम करीब सात बजे छर्रा अड्डा पुल के नीचे बने हनुमान मंदिर पर पूजा-अर्चना करने को आए श्रद्धालुओं की निकाह एक शव पर पड़ी। उन्होंने पुलिस को बुला लिया। पुलिस ने शव को बाहर निकाला और लोगों ने पहचान कराने की कोशिश की। इसी बीच हत्या कर शव फेंके जाने की क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
हालांकि बाद में एक युवक ने मृतक की पहचान शिवसिंह (55) निवासी नौ देवी मंदिर, नौरंगाबाद के तौर पर की। युवक के अनुसार वृद्ध मजदूरी करता था। दिन में आकर अमूमन मंदिर के पास ही सो जाता था। संभव: सोते-सोते ही वह मौत के आगोश में समा गया होगा। इधर, पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी। इंस्पेक्टर गांधी पार्क के अनुसार परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर शव अपनी सुपुदर्गी में ले लिया है।