क्राइम न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़।
टप्पल में 9 जून को प्रदर्शन का दिन शांतिपूर्वक निपट जाने के बाद पुलिस अब सोमवार को लेकर रणनीति बनाने में जुट गई है। वहीं बच्ची के परिवार को न्याय की आड़ में सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर भी शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में अब तक नौ लोगों पर मुकदमे दर्ज कर लिए गए हैं। साथ ही सोशल मीडिया प्लेटफार्म की लगातार निगरानी पुलिस की सोशल मीडिया सेल स्तर से की जा रही है। वहीं देर रात तक एसएसपी आकाश कुलहरि पूरी टीम व एसआईटी संग टप्पल में जमे थे, जहां सोमवार के सुरक्षा इंतजामों पर मंथन चल रहा था।
एसएसपी आकाश कुलहरि ने बताया कि इस प्रकरण में जो भी भ्रामक सूचनाएं, अफवाहें व अमर्यादित भाषा का प्रयोग करके पोस्ट डालेगा। उसके खिलाफ हम मुकदमा दर्ज कराएंगे। पुलिस ने अब तक नौ लोगों पर मुकदमा दर्ज किया है। इसी कड़ी में रामबाबू मांझी के ट्विटर आईडी @ram{{babu83249768 से सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणी कर पोस्ट डाली गई थी। इस पर पुलिस ने रामबाबू मांझी के खिलाफ आईटी एक्ट में मुकदमा पंजीकृत कर लिया है।
वहीं टप्पल में माहौल सामान्य रहने तक पुलिस बल तैनात रहेगा। रहा सवाल परिवार की आरोपियों को फांसी दिलाने की मांग का तो इस दिशा में हर संभव प्रयास किया जा रहा है। एसआईटी को पूरी तरह साक्ष्य संकलन पर लगाया गया है। जल्द से जल्द चार्जशीट दाखिल कर फास्ट ट्रैक अदालत के जरिये यह प्रयास किया जाएगा।