क्राइम न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़।
महानगर के गांधी पार्क बस अड्डा स्थित होटल राज में रुके एक कारोबारी ने रविवार रात फांसी के फंदे पर झूलकर आत्महत्या कर ली। सोमवार दोपहर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर होटल स्टाफ ने दूसरी चाबी से दरवाजा खोला तो फंदे पर झूलते शव को देख होश उड़ गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कमरे से मिली आईडी से उसकी पहचान लोकेश (42) पुत्र संतोष निवासी रामनगर देहली गेट के तौर पर हुई है। पुुलिस की सूचना पर परिजन भी पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए। आत्महत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी।
गांधी पार्क इंस्पेक्टर के मुताबिक लोकेश ने रविवार रात को कमरा एक रात के लिए बुक किया था। होटल स्टाफ के अनुसार रात को वह कमरे में चला गया। सोमवार दोपहर तक कमरे से कोई हलचल न होने पर स्टाफ को शक हुआ तो उन्होंने आवाजें लगाई।
मगर, अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई। दूसरी चाबी से उन्होंने दरवाजा का लॉक खोलकर देखा तो लोकेश का शव फंदे पर लटका मिला। पुलिस ने शव के पास मिले आईडी के आधार पर शिनाख्त कर परिजनों को जानकारी दे दी है। फिलहाल आत्महत्या का कारण स्पष्ट नहीं है। पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।
प्रेम संबंधों के चलते छोड़ गया था पत्नी और बच्चों को
लोकेश की पत्नी मीना ने बताया कि वह बिल्डिंग मैटेरियल का काम करते थे। दो साल पहले उनके किसी महिला से प्रेम संबंध हो गए। इसी के चलते वह तीन बच्चों सहित मुझे छोड़कर घर से चले गए थे। काफी तलाशी के बाद भी उनका कोई सुराग नहीं लग पाया था। पुलिस ने उनकी आत्महत्या की सूचना दी थी। उन्होंने आत्महत्या क्यों की इस संबंध में कुछ नहीं पता।