क्राइम न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़।
प्रीमियर नगर के रहने वाले एक युवक द्वारा फिल्म डायरेक्टर बन शहर के पांच लोगों से 29.80 लाख रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है।
नीरज कौशिक पुत्र राधेश्याम कौशिक निवासी आईटीआई रोड का आरोप है कि कमल यादव पुत्र प्रेमपाल सिंह निवासी प्रीमियर नगर बन्नादेवी पांच लोगों के साथ ठगी की वारदात कर 29.80 लाख रुपये का चूना लगा चुका है। आरोप है कि कमल खुद को मुंबई में फिल्म डायरेक्टर बताता था।
उसने डायरेक्टर स्मार्ट चाइस हेल्दी प्राइवेट लि. के नाम से फर्जी कंपनी भी बना रखी है। कंपनी के फर्जी कागजातों के आधार पर उसने मार्च 2018 में 1.55 लाख रुपये उधार लिए थे।
बाद में रकम ब्याज सहित लौटाने की बात कही थी। इसी प्रकार तपन मुखर्जी निवासी रघुवीरपुरी से 25 लाख, रमाकांत शर्मा निवासी रामघाट रोड से 65 हजार, राधेश्याम निवासी बसई काजी से 1.25 लाख, चंचल उपाध्याय निवासी दूबे पड़ाव से 1.35 लाख रुपये की उधार लिए।
सभी को भारी ब्याज के साथ रकम वापस करने का आश्वासन दिया। मगर, पैसा नहीं लौटाया। इस खेल में उसका पिता प्रेमपाल सिंह और पत्नी पूनम यादव भी शामिल थी।
देनदार जब उससे पैसा वापस मांगते तो वह अभद्रता और मारपीट पर उतारू हो जाता था। थाना गांधी पार्क इंस्पेक्टर के अनुसार आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। इसमें पत्नी और पिता को भी नामजद किया है। जल्द ही इन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।