न्यूज डेस्क अमर उजाला हाथरस
हसायन (हाथरस)। क्षेत्र के गांव नगला पटवारी के मां बेटे दो दिन पूर्व सत्संग सुनने के लिए नगला बाग के गांव बिस्तौली के कुछ लोगों के साथ बोलेरो गाड़ी से नैनीताल गए थे। संभल के गुन्नौर के पास रोडवेज बस से टक्कर में बोलेरो सवार सभी लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जिनमें क्षेत्र के गांव नगला पटवारी निवासी मां-बेटे भी शामिल हैं।
सूचना मिलने पर परिजन और गांव के लोग शव लाने के लिए रवाना हो गए हैं। हादसे की जानकारी ग्रामीणों द्वारा अभी तक परिजनों को नही दी गई हैै। क्षेत्र के गांव नगरिया पट्टी देवरी के माजरा नगला पटवारी से राजेश कुमार, उनकी मां चंद्रकला पत्नी ओमप्रकाश बुधवार को सत्संग सुनने के लिए गए थे। सत्संग सुनने के लिए पहुंचने से पहले ही रास्ते में दोनों मां बेटे को काल ने अपना शिकार बना लिया।
हादसे की जानकारी मृतक के परिजन बबलू सिंह को मिली तो वह परिजनों को घटना की जानकारी दिए बगैर ही ग्रामीणों के साथ घटना स्थल पर रवाना हो गए। देर शाम तक गांव में मां-बेटे के शवों के आने का इंतजार किया जा रहा था। ग्रामीणों की भीड़ उनके घर पर जमा थी। मृतक राजेश के बडे़ भाई राकेश कुमार ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी मिल चुकी है मगर वह अपने किसी भी परिवार के सदस्य को इस घटना के बारे में कोई जानकारी नहीं दे रहे हैं।