न्यूज डेस्क अमर उजाला हाथरस
सादाबाद। थाना क्षेत्र के गांव अभयपुरा निवासी 34 वर्षीय व्यक्ति की जयपुर में आठ अक्तूबर की रात्रि को अज्ञात लोगों ने मारपीट कर हत्या कर दी। घटना को दूसरा रूप देने के लिए मृतक के शव को फांसी के फंदे पर लटका दिया गया। यह शख्स एक कंपनी में चालक के रूप में कार्यरत था।
ग्राम पंचायत अभयपुरा के प्रधान प्रमोद कुमार उर्फ गोलू ने बताया कि पिछले 12 वर्ष से एक कंपनी, जो लोगों को वाहन चालक उपलब्ध कराती है, जिसमें गांव अभयपुरा निवासी हरी सिंह पुत्र फाल सिंह भी काम करता था। कंपनी ने हरी सिंह को जयपुर में एक ब्रिगेडियर की कार चलाने के लिए नियुक्त किया था।
प्रधान के मुताबिक मृतक हरीसिंह के मामा भी जयपुर में रहते हैं और मारपीट के दौरान उसने अपने मामा को भी फोन किया था, लेकिन वह फोन पर नाम नहीं बता पाया और सुबह उसका शव कार मालिक के घर के ऊपर के कमरे में मिला। घटना की रिपोर्ट मृतक के मामा नाहर सिंह ने थाना श्याम नगर जयपुर में अज्ञात लोगों के विरुद्ध दर्ज कराई है। मृतक हरी सिंह के शव पोस्टमार्टम के बाद बुधवार की शाम को गांव लाया गया। जहां उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया।