न्यूज डेस्क अमर उजाला हाथरस
हसायन। कोतवाली क्षेत्र के गांव में सोमवार की सुबह कुछ युवकों ने किशोरी से छेड़खानी कर दी। घटना की जानकारी होने पर गांव के ही दो पक्ष आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों में जमकर गाली-गलौज और मारपीट हुई। जमकर लाठी-डंडे भी चले। कुछ लोगों ने पथराव कर दिया, जिससे गांव में भगदड़ मच गई। ग्रामीणों ने घटना की जानकारी यूपी 100 की टीम को दे दी।
कोतवाली हसायन की दोनों पीआरवी के अलावा हाथरस जंक्शन, सिकंदराराऊ, जलेसर और एटा की पीआरवी भी गांव पहुंच गई। गांव में दोनों पक्षों के लोग पुलिस के सामने हाथों में लाठी-डंडे लेकर झगड़ा करने लगे। पुलिस कर्मियों ने जब सख्ती बरती तो दोनों पक्ष वहां से भागने लगे।
घटना की सूचना पर जरैरा चौकी प्रभारी संजय राघव भी मौके पर पहुंच गए। चौकी प्रभारी ने दोनों पक्षों के छह से अधिक लोगों को हिरासत में लेकर कोतवाली भेज दिया। चौकी प्रभारी ने छेड़खानी और फायरिंग की घटना को महज अफवाह बताते हुए कहा है कि मामला महज दो पक्षों के बीच शराब पीकर मारपीट होने का है। झगड़े के आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।