क्राइम डेस्क, अमर उजाला, टप्पल (अलीगढ़)।
पिसावा थाना क्षेत्र के गांव डेटा कलां निवासी 19 वर्षीय अंकित का लहूलुहान हालत में शव टप्पल के रसूलपुर माइनर के पास धान के खेत में मिला। शव मिलने की जानकारी मिलते ही रात भर उसकी तलाश में भटकते रहे परिजन रोते-बिलखते हुए मौके पर पहुंचे। मृतक हत्या के एक मामले में नामजद था। परिजनों ने उसकी हत्या की आशंका जताई है।
डेटा कलां निवासी भूरा सिंह ने बताया कि उनका भतीजा अंकित पुत्र ऋषिपाल को गांव का ही संजू पुत्र बिजेंद्र अपने साथ ले गया था। अंकित की बाइक में दोनों अंकित के मामा के गांव लौदोना थाना जेवर जिला गौतमबुद्धनगर गए थे। वहां कुछ समय रुकने के बाद दोनों घूमकर वापस आने की बात कहकर चले गए। रात 10 बजे अंकित की नानी राजवती देवी ने फोन लगाया तो अंकित ने कहा कि वह दोनों संजू के मामा के गांव वैना थाना टप्पल के यहां हैं और आ रहे हैं।
मृतक के ताऊ भूरा सिंह के अनुसार बुधवार की सुबह संजू वापस गांव लौदोना पहुंचा। इस पर नानी राजवती देवी ने अंकित के बारे में पूछा तो उसने बताया कि अंकित गांव से बाहर खड़ा रह गया है। इसके बाद जानकारी मिली कि अंकित का शव लहूलुहान हालत में रसूलपुर माइनर के समीप धान के खेतों में पड़ा है।
मृतक अंकित, उसके पिता ऋषिपाल एवं बड़ा भाई आशू जहांगीर हत्याकांड में आरोपी हैं। कुछ माह पहले ही ऋषिपाल और अंकित जमानत पर छूटे थे। आशू अभी जेल में है। इसी पर अंकित की हत्या की आशंका जताई जा रही है। एसएसआई प्रदीप कुमार ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर जांच की जाएगी।