क्राइम डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
टप्पल स्थित यमुना एक्सप्रेस वे निकट अलीगढ़-पलवल मार्ग पर लक्ष्मी नारायण फिलिंग स्टेशन में सोमवार की शाम करीब 5.40 बजे बदमाशों ने पेट्रोल पंप मैनेजर से लूट का प्रयास किया। बदमाश दो बाइक में सवार थे। लुटेरों को देखते ही पेट्रोल पंप कर्मी और पेट्रोल भरवाने के लिए मौजूद लोग दौड़ पड़े तो हवा में तमंचे लहराते हुए तीन बदमाश तो भाग निकले, लेकिन को पकड़ लिया गया।
पेट्रोल पंप संचालक प्रीतम चंद शर्मा पुत्र हुकुमचंद शर्मा निवासी घरबरा के अनुसार मैनेजर अजय शर्मा पुत्र देवपाल पेट्रोल पंप के अंदर बैठे थे और करीब दो लाख रुपये का मौजूद कैश गिन रहे थे।
तभी दो बाइक पर चार बदमाश आए और तमंचे लहराते हुए मैनेजर के पास पहुंचकर कैश लूटने की कोशिश की। हालांकि कर्मचारियों एवं पेट्रोल पंप पर मौजूद लोगों की सजगता पर तीन लुटेरे एक बाइक से भाग निकले, जबकि चौथे को लोगों ने पकड़ लिया।
प्रीतमचंद शर्मा के अनुसार थाना प्रभारी को उन्होंने फोन पर जानकारी दी तो उन्होंने कहा कि दरोगा को मौके पर भेज रहे हैं लेकिन आधे घंटे बाद पीआरवी के तीन सिपाही पहुंचे और पकड़े गए बदमाश और बाइक को कस्टडी में ले लिया।
पकड़े गये युवक ने अपना नाम रोहित पुत्र रनवीर तथा भागे बदमाशों के नाम बॉबी अहेरिया निवासी जट्टारी, आकाश निवासी ताहरपुर एवं सोनू शर्मा निवासी मढ़ा भढीया बताया। पेट्रोल पंप संचालक ने तहरीर दे दी है।