क्राइम डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
रोडवेज में चल रहे फर्जी टिकट रैकेट का खुलासा होने के 15 दिन बाद भी भागे दो आरोपियों को एसटीएफ व इगलास पुलिस गिरफ्तार नहीं कर पाई है। इधर, आरोपी अपने गिरफ्तार साथियों को छुड़ाने के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं। सूत्रों का तो यहां तक कहना है कि दोनों भागे आरोपियों की गिरफ्तारी न करने के लिए सत्ताधारी पार्टी का पुलिस पर दबाव बना हुआ है।
विदित हो कि 21 अगस्त को एसटीएफ की टीम ने इगलास थाना क्षेत्र में मथुरा डिपो की दो रोडवेज बसों के परिचालकों को फर्जी टिकट देने के आरोप में पकड़ा। एसटीएफ उन्हें थाने ले जा रही थी तभी पीछे से आए माफिया देवेंद्र सिंह, मेघ सिंह समेत अन्य ने एसटीएफ पर हमला कर दिया।
एसटीएफ ने इस दौरान माफिया समेत 11 लोगों को गिरफ्तार कर रोडवेज बसों में चल रहे फर्जी टिकट रैकेट का भंडाफोड़ कर दिया। इस दौरान अशोक चौधरी एवं सोनू भाग निकले। एसटीएफ ने इस मामले में इगलास थाने में रिपोर्ट भी दर्ज करा दी। बावजूद इसके अभी तक दोनों भागे आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया है।