न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
एएमयू छात्र संघ के प्रमुख पदाधिकारियों (अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं सचिव) के कमरों में ताला लग गया है। कार्यकाल समाप्त होने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन यूनियन हॉल में तैनात 12 में से 7 कर्मचारियों का मूल स्थान पर भेज दिया है।
एएमयू छात्र संघ का कार्यकाल 4 जून को समाप्त हो गया है। इससे संबंधित नोटिस भी 5 जून को जारी कर दिया गया। नोटिस जारी होने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने वहां तैनात कर्मचारियों की संख्या में कटौती कर दी है। कुछ कर्मचारियों को बजट आदि से संबंधित कार्य निपटाने के लिए छोड़ दिया गया है।
उल्लेखनीय है कि एएमयू छात्र संघ के पदाधिकारियों ने आम सभा कर अगली यूनियन के गठन तक कार्य करते रहने का प्रस्ताव पारित किया था। यूनियन की यह मंशा पूरी नहीं हो सकी। हालांकि पूर्व अध्यक्ष मशकूर अहमद उस्मानी का कहना है कि अगली यूनियन तक कार्य करते रहेंगे।