क्राइम न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़।
कोतवाली अतरौली के एक गांव में पिता ने ही रिश्तों को कलंकित करते हुए 12 साल की अपनी मासूम बेटी को हवस का शिकार बना डाला। शुक्रवार को पीड़िता अपनी मां के साथ कोतवाली पहुंची। पत्नी ने दुराचारी पति के खिलाफ तहरीर दी है। कोतवाल उत्तमचंद पटेल का कहना है कि गांव पहुंचकर मामले की जांच करेंगे। शिकायत सही पाए जाने पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को जेल भेजा जाएगा।
अतरौली कोतवाली से महज कुछ किलोमीटर की दूरी पर स्थित एक गांव की यह वारदात है। आरोपी पिता मजदूरी करता है। उसके दो बेटी और तीन बेटे हैं। 30 अप्रैल को उसकी पत्नी अपने छोटे बेटे को लेकर दादों क्षेत्र के एक गांव स्थित अपने मायके में बहन की शादी में शामिल होने गई थी।
पीड़ित किशोरी के अनुसार बुधवार की रात उसका एक भाई दादी के पास सो रहा था, जबकि दो बहनें और एक भाई कमरे में सो रहे थे। रात में पिता उनके कमरे में आया और उसे उठाकर दूसरे कमरे में ले गया। वहां उसके साथ दुष्कर्म किया। शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी।
गुरुवार की रात पीड़िता की मां मायके से लौटी तो किशोरी ने मां को इस बात की जानकारी दी। यह सुनकर उसकी मां के होश उड़ गए। शुक्रवार को पीड़ित बेटी को लेकर मां थाने पहुंची और पति के खिलाफ तहरीर दी। उधर आरोपी पिता गांव से फरार है।