न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
थाना सिविल लाइन इलाके में पुरानी चुंगी के पास भगवा रंग से मिलते जुलते रंग की टीशर्ट पहनकर संदिग्ध से दिखाई दे रहे कूड़ा बीनते युवक को वहां कुछ छात्रों ने पकड़ लिया और उसके साथ मारपीट कर दी। बाद में पुलिस मौके पर पहुंची और पाया कि वह एक नशेड़ी टाइप का युवक है। उसे थाना सिविल लाइन में लाया गया है।
एएमयू में जिन्ना की तस्वीर प्रकरण के बाद संवेदनशील स्थिति बनी हुई है। शुक्रवार की दोपहर पुरानी चुंगी के पास कूड़े के ढेर पर एक युवक भगवा रंग से मिलती जुलती टीशर्ट सी पहन कर संदिग्ध सी हरकतें कर रहा था। उसे देखकर वहां से गुजर रहे कुछ छात्रों को लगा कि यह इलाके की जासूसी कर रहा है।
छात्रों ने उसे पकड़ कर पूछा तो वह असामान्य सा व्यवहार करने लगा। छात्रों ने उसकी पिटाई कर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे अपने कब्जे में लिया। बाद में पता चला कि युवक मेलरोज बाईपास का रहने वाला है और नशेड़ी टाइप का है। कूड़ा करकट बीनने का काम करता है। पुलिस उसे थाना सिविल लाइन ले आयी। उससे पूछताछ की जा रही है।