बन्नादेवी थाना क्षेत्र के रसलगंज की रहने वाली एक महिला से अज्ञात शातिरों ने कौन बनेगा करोड़पति (केबीसी) के नाम पर 15 हजार रुपये की ठगी कर ली।
रसलगंज इलाके की महिला न्याज बानो ने बताया कि 17 मई को उसके मोबाइल पर एक फोन आया।
फोन करने वाले ने खुद को राना प्रताप बताते हुए केबीसी में परिवार के नाम से 25 लाख रुपये की लॉटरी खुलने की बात कही। इस पर बेटियां और स्वयं वह लालच में आ गई। शातिरों ने फर्जी तरीके से कुछ दस्तावेज भी बनाकर भेज दिए और बाद में 15 हजार रुपये खाते में डलवा दिए। इसके बाद वह 32 हजार रुपये और मांगने लगा।
इस पर शक हुआ। फोन करने वालों को 32 हजार रुपये देने से मना कर लॉटरी के 25 लाख रुपये भेजने को कहा तो वह बातों को घुमाने लगा। इस पर उसके द्वारा ठगी करने का अहसास हुआ। एसएसपी के मुताबिक महिला की शिकायत के आधार पर मामले में जांच बैठा दी गई है। शातिरों को जल्द से जल्द दबोच लिया जाएगा।