क्राइम डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
महानगर के नई बस्ती इलाके के युवक की हत्या उन्हीं दोस्तों ने की थी जो उसे घर से बुलाकर ले गए थे। हिरासत में लिए दोनों दोस्तों से पूछताछ के बाद पुलिस ने यह खुलासा करते हुए दोनों को गुरुवार को जेल भेज दिया। जेल भेजे गए आरोपियों में से एक के भतीजे संग मृत युवक ने दो-तीन दिन पहले मारपीट कर दी थी। इसी के बदले में उसे सबक सिखाने के मकसद से नशा कराया और नशे में उसकी जान ले ली।
इंस्पेक्टर बन्नादेवी जितेंद्र दीखित के अनुसार नई बस्ती सराय रहमान निवासी 18 वर्षीय असद उर्फ मुरशी पुत्र अनवार खान की गला दबाकर हत्या के बाद उसकी लाश नई बस्ती में सिंध स्नेक्स के बराबर नाले में फेंक दी गई थी।
बुधवार सुबह लाश मिलने पर इस मामले में परिजनों ने बताया कि उसके दो दोस्त उसे मंगलवार देर रात घर से बुलाकर ले गए थे। जब दोनों दोस्तों असद उर्फ मुन्ना पुत्र फिरोज निवासी टिल्लू वाली गली सराय रहमान, मेहराज पुत्र दीन मोहम्मद निवासी मदीन मस्जिद सराय रहमान को सारसौल से गिरफ्तार कर रात भर पूछताछ हुई तो उन्होंने असद उर्फ मुरशी की हत्या करना स्वीकार लिया। दोनों ने बताया कि आरोपियों में से एक असद अमीर निशा में कपड़े की दुकान पर नौकरी करता है, जबकि मेहराज ऑटो चलाता है। उनकी मुरशी से अच्छी दोस्ती थी।
इंस्पेक्टर के अनुसार पूछताछ में बताया कि दो-तीन दिन पहले मृत युवक मुरशी ने मेहराज के भतीजे के साथ किसी बात पर मारपीट कर दी थी। इसी बात से मेहराज मुरशी से चिढ़ गया था और उसे सबक सिखाने की प्लानिंग बना रहा था। इसी प्लानिंग के तहत मेहराज मंगलवार देर रात उसे घूमने के बहाने असद उर्फ मुन्ना की मदद से घर से बुलाकर लाया।
इसके बाद वह उसे अपने घर ले गया। जहां उसे नशा कराया। इस दौरान मेहराज के पिता ने भी उसकी मदद की। जब ज्यादा नशा हो गया तो देर रात उसे वह घुमाते-फिराते लेकर घूम रहे थे।
इसी बीच घर छोड़ने के बहाने उसे टायर वाली गली में ले गए और वहां रास्ते में पड़े मिले स्कार्फ की मदद से उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी और वहीं छोड़कर भाग गए। इंस्पेक्टर के अनुसार दोनों को गुरुवार को मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया गया। एसएसपी व एसपी सिटी ने 24 घंटे में इस खुलासे पर पुलिस टीम की पीठ ठोंकी है।