न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
थाना सासनी गेट के आगरा रोड स्थित राधा रमण गोशाला की दीवार गिरने से घायल हुए लोगों के परिजनों ने रविवार को हंगामा किया। वह गोशाला संचालकों से घायलों के उपचार कराने की मांग करने लगे। संचालकों ने उपचार कराने से इंकार कर दिया तो दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। इसके बाद दोनों ओर से विवाद बढ़ गया। मामूली रूप से पथराव और लाठी-डंडे भी चल गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को काबू कर दोनों पक्षों को अलग-अलग किया। बताया जा रहा है कि इस दौरान लोगों ने गोशाला की जमीन को लेकर भी सवाल खड़े किए। विवाद के दौरान कुछ लोगों ने जमीन की खुदाई कर जमीन के भीतर से मूर्तियां भी निकालकर दिखाईं और वहां पहले मंदिर होने की बात कहने लगे।
शनिवार रात को आई तेज आंधी के कारण गोशाला की छह फुट ऊंची दीवार भरभराकर गिर गई थी। इसके किनारे झुग्गी-झोपड़ी डालकर रहने वाले आठ से दस परिवारों के लगभग आधा दर्जन लोग इसकी चपेट में आ गए थे। घायलों को जिला अस्पताल भेज गया। जहां से गंभीर घायल शीला और मुनिया को मेडिकल रेफर कर दिया गया था। बताया जा रहा है कि शीला की हालत गंभीर होने पर उसका इलाज प्राइवेट अस्पताल में कराने की मांग को लेकर लोग गोशाला संचालकों के पास पहुंचे थे। मगर, उन्होंने इससे इंकार कर दिया था। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद खड़ा हो गया था। हालांकि बाद में पुलिस ने पहुंचकर मामला शांत करा दिया। थाना सासनी गेट इंस्पेक्टर के अनुसार मामूली सा विवाद हुआ था। पुलिस ने स्वयं वहां खड़े होकर गोशाला की दीवार की चिनाई करवाई थी।