न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
एएमयू प्रकरण में भाजपा विधायक पौत्र व छात्र नेता अजय सिंह गुट के छात्रों ने बुधवार को एसएसपी आकाश कुलहरि से मुलाकात कर 12 फरवरी को हुए घटनाक्रम के उपद्रवियों की गिरफ्तारी की पुरजोर तरीके से माग की। छात्र गुट ने यहां आरपार की लड़ाई का एलान किया है। छात्रों ने कहा कि हमलावरों ने उनकी दौड़ा-दौड़ाकर पिटाई की। वाहनों में आग लगाई, इसके बाद भी एएमयू प्रशासन ने उल्टा उन्हें ही सस्पेंड कर दिया।
अब इस मामले में वह शांत नहीं बैठने वाले हैं। छात्र नेता अजय सिंह व भाजपा मीडिया प्रभारी डॉ.निशित शर्मा के नेतृत्व में पहुंचे छात्रों के गुट ने एलान किया है कि वह हमलावरों पर कार्रवाई न होने की दशा में जन आंदोलन कर धरना-प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे। हालांकि उन्होंने एसएसपी को यह भी आश्वासन दिया कि वह प्रदर्शन लोकतंत्र के दायरे में रहकर ही करेंगे। शहर की कानून व्यवस्था को किसी भी प्रकार की क्षति नहीं पहुंचने देंगे। एसएसपी ने भी उन्हें ठोस कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।
छात्र गुट का नेतृत्व कर रहे अजय सिंह व डॉ. निशित और एसएसपी के बीच कार्यालय पर लगभग आधे घंटे तक वार्ता का दौर चला। इस दौरान छात्रों ने एसएसपी से मांग की कि वह जल्द ही हमलावर छात्रों की गिरफ्तारी करें। कैंपस के भीतर भय और अराजकता का माहौल बना हुआ है। इसके कारण कुछ छात्र क्लास तक करने नहीं जा पा रहे हैं। एक समुदाय के छात्रों के हॉस्टल के कमरों से उनके सामान को बाहर फेंका जा रहा है। अजय सिंह ने एएमयू प्रशासन पर भेदभावपूर्ण रवैया अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि वर्तमान में 56 छात्रों पर संगीन धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। मगर, पुलिस उन्हें पकड़ नहीं रही है। एएमयू प्रशासन उन्हें संरक्षण दे रहा है।
पूरे प्रकरण पर छात्रों की बात सुन एसएसपी ने छात्रों को आश्वासन दिया कि वह आपराधिक प्रवृति के लोगों के खिलाफ कार्रवाई अवश्य करेंगे। 12 फरवरी की घटना में अभी तक काफी उपद्रवियों को चिह्नित किया जा चुका है। जल्द ही सभी पर कार्रवाई होगी। एसएसपी के आश्वासन पर छात्र शांतिपूर्ण रूप से लौट गए। हालांकि उन्होंने एलान किया है कि अगर पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई नहीं की तो वह लोकतांत्रिक दायरे में रहकर जन आंदोलन करेंगे। यहां यह भी तय किया गया कि अब वह जिले भर के महाविद्यालयों के छात्रों को इस आंदोलन के लिए लामबंद करेंगे।
छात्रों ने यह भी बया की पीड़ा
एसएसपी के पास पहुंचे छात्रों ने कहा कि पुलिस ने इस मामले में अभी तक सिर्फ एक ही आरोपी की गिरफ्तारी की है। इसके कारण उन हमलावर छात्रों के हौसले बुलंद हैं। अजय सिंह ने कहा कि घटना वाले दिन हमारे ही साथियों की पिटाई की गई और कार्रवाई की जद मेें भी हमें ही फंसाया गया। उस घटना के बाद से कैंपस के भीतर उनके समर्थकों के प्रति एक माहौल तैयार किया जा रहा है। इसमें विवि के दूसरे छात्रों के बीच हमें एक संगठित गिरोह या आतंकी के तौर पर पेश किया जा रहा है। वहीं, अन्य छात्रों ने बताया कि हमलावर गुट उनके अन्य साथियों पर टिप्पणियां करता है।
अब टूटेंगी परंपराएं, तहरीर सीधे लेगी पुलिस : एसएसपी
छात्रों के बीच एसएसपी ने साफ कहा कि अब एएमयू को लेकर तमाम परंपराएं टूटेंगी। यह आप लोग देखेंगे, जिसने अपराध किया है, उसे जेल जाना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि यह शायद पहला मौका है, जब एएमयू बवाल में किसी छात्र की गिरफ्तारी हुई है। वरना अब तक छात्रों पर मुकदमे दर्ज होने के बाद ठंडे बस्ते में जाते रहे हैं या फिर सरेंडर किया है। मगर अब ऐसा नहीं होगा। दूसरी बात उन्होंने यह भी कही कि आगे से कैंपस के अंदर या बाहर आपके साथ किसी तरह की घटना होती है तो सीधे मुझसे संपर्क करें और घटना की सीधे एफआईआर दर्ज होगी। उसमें किसी तरह से यह नहीं आएगा कि पहले प्रॉक्टर कार्यालय से तहरीर को फारवर्ड कराया जाए।