महानगर में बेखौफ घूम रहे बदमाशों ने देहली गेट क्षेत्र के गोंडा रोड बाईपास पर मंगलवार को दिनदहाड़े स्कार्पियो सवार छतारी बुलंदशहर के पशु कारोबारी 13.50 लाख रुपये लूट लिए।
घटना के वक्त कारोबारी बैंक से रुपये लेकर भुगतान करने ऐलाना मीट फैक्ट्री जा रहे थे। तभी कार सवार बदमाशों ने उन्हें ओवरटेक कर घेर लिया। घटना के बाद पीछे लगे लैपर्डकर्मियों और सामने आए ग्रामीणों पर बदमाशों ने फायरिंग की। छर्रे लगने से दो ग्रामीण भी जख्मी हो गए। बाद में घेराबंदी पर बदमाश एक चकरोड पर गाड़ी छोड़कर खेतों में भाग गए। देर रात तक पूरे इलाके में कई थानों की पुलिस कांबिंग में जुटी थी। डीआईजी और एसएसपी भी घटनास्थल पर पहुंच गए थे।
छतारी के आजाद नगर रोड निवासी जहीर पुत्र सलामुद्दीन मीट फैक्ट्रियों में पशुओं की सप्लाई करते हैं। मंगलवार दुपहर करीब 3 बजे उन्होंने शमशाद मार्केट स्थित देना बैंक से 13.50 लाख रुपये निकाले और बैग में रख लिए। रकम उन्हें छोटे पशु सप्लायरों को देनी थी। जब रकम लेकर वह अपनी स्कार्पियो से सानू के साथ तालसपुर स्थित ऐलाना मीट फैक्ट्री आ रहे थे। तभी बाईपास पर करीब 4:30 बजे गोंडा मोड़ पुलिया के पास सड़क में गड्ढे होने पर उनकी रफ्तार धीमी हुई। इसी बीच आई-20 कार सवार 5-6 बदमाशों ने ओवरटेक कर स्कार्पियो रोक ली।
उतरते ही उनकी गाड़ी के बोनट पर तीन-चार राउंड फायर किए और तमंचों के बल पर जहीर को बाहर खींचते हुए मारपीट की। एक ने तमंचे की बट उनके सिर पर दे मारी। फिर नोटों से भरा बैग लूटकर अपनी कार से गोंडा रोड पर भाग निकले। इसी बीच नादा पुल की ओर से गश्त करती गोंडा मोड़ की ओर जा रही देहली गेट की लैपर्ड नंबर 31 के सिपाही राजीव व उनके साथी को लूट की खबर किसी राहगीर ने दी।
इस खबर पर लैपर्ड उस ओर दौड़ी और वायरलेस पर सूचना प्रसारित कर दी और बदमाशों का लैपर्ड व खुद स्कार्पियो लेकर जहीर ने पीछा शुरू कर दिया। लैपर्ड ने इसी रास्ते के गांव फगोई में परिचित ग्रामीणों को आई-20 को घेरने की सूचना दे दी। इस पर ग्रामीणों ने बुग्गी आदि लगाकर बदमाशों का रास्ता घेरा। पीछे से पुलिस आ गई। इस पर बदमाश पुलिस व ग्रामीणों पर फायरिंग करते हुए वापस भागे और ऐलाना के पीछे से असनेता को जाने वाले रास्ते पर निकल गए। यहां लैपर्ड ने भी जवाबी फायरिंग की। बदमाशों की फायरिंग में गांव फगोई का विशाल व एक अन्य युवक हाथ व बाजू में छर्रे लगने से जख्मी हो गया।
इसी बीच एसओ देहली गेट, एसओ लोधा व इंस्पेक्टर मडराक भी घटनास्थल के चारों ओर घेरा बनाते हुए आ गए। बदमाशों को असनेता से 500 मीटर पहले कच्चे रास्ते पर घेर लिया गया। बारिश के कारण उस रास्ते पर बदमाशों की गाड़ी फंस गई और पुलिस ने भी घेर लिया। यहां बदमाश गाड़ी से उतरकर बाजरा व अरहर की फसल में फायरिंग करते हुए घुस गए। यहां भी पुलिस ने जवाबी फायरिंग की।
इसी बीच डीआईजी गोविंद अग्रवाल, एसएसपी लव कुमार, एसपी सिटी अतुल श्रीवास्तव, सीओ प्रथम, इंस्पेक्टर कोतवाली, एसओ सासनी गेट भी पहुंच गए। कई घंटे तक इलाके की कांबिंग चलती रही। मगर बदमाशों का सुराग नहीं लगा। देर रात तक कांबिंग जारी थी। इधर, पीड़ित को थाने भेजकर मुकदमा आदि लिखा जा रहा था।
-पशु सप्लायर से 13.50 लाख की लूट की इस घटना के बाद लैपर्ड की सूझबूझ पर बदमाश चारों ओर से घिर तो गए थे। मगर वह खेतों में जा घुसे। उन्हें तलाशने के लिए देर रात तक कांबिंग जारी है। बदमाशों द्वारा छोड़ी गई गाड़ी कब्जे में ले ली गई है। जल्द ही बदमाशों को पकड़ा जाएगा।-लव कुमार एसएसपी