क्राइम न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़।
महानगर के कनवरीगंज इलाके में मंगलवार सुबह-सुबह एक प्लॉट की दीवार गिराने के विवाद में दो पक्षों में मारपीट हो गई। एक-दूसरे पर ईंट-पत्थर तक फेंके गए। सूचना पर पहुंची पुलिस को देख हमलावर तितर-बितर हो गए। मारपीट में दो लोगों के चोट आई हैं, जिनका उपचार कराया गया है, जबकि नामजदों के खिलाफ दी गई तहरीर पर पुलिस जांच कर रही है।
कनवरीगंज निवासी हरिओम तिवारी ने बताया उनका कनवरीगंज में एक खाली प्लॉट है, जिसमें बारिश का पानी भर गया और उसकी बाउंड्री गिरासू स्थिति में है। वह सुबह-सुबह उस दीवार को गिरवा रहे थे। तभी कुछ लोगों ने वहां आकर यह कहते हुए विरोध शुरू कर दिया कि प्लॉट उनका है। वह क्यों दीवार गिरवा रहे हैं।
इसी विवाद में वहां मारपीट शुरू हो गई और कुछ ईंट-पत्थर तक फिंक गए। खबर पर देहली गेट पुलिस पहुंच गई। इंस्पेक्टर देहली गेट सुनील कुमार सिंह के अनुसार इस झगड़े में हरिओम तिवारी सहित दो लोग जख्मी हुए हैं। तिवारी की ओर से नामजद तहरीर दी गई है। जिस पर जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया गया है।