क्राइम न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़।
विजयगढ़ के गांव भूरा की गढ़ी के किसान पिता-पुत्र पर बुधवार देर रात खेतों पर रंजिशन पड़ोसी गांव केसिया नगला के लोगों ने हमला बोल दिया। इस दौरान मारपीट के बीच फायरिंग में छर्रे लगने से पिता जख्मी हो गया, जिसे जिला अस्पताल लाया गया है। सूचना पर छर्रा विधायक भी घायल का हाल जानने जिला अस्पताल पहुंचे।
भूरा की गढ़ी निवासी किसान रामकिशन तिवारी का केसिया नगला निवासी कुछ लोगों से जमीनी विवाद चल रहा है। आरोप है कि वह देर रात अपने बेटे लोकेश के साथ खेतों पर था, तभी विपक्षी लोगों ने हमला बोल दिया।
वह आधा दर्जन की संख्या में थे। उन्होंने मारपीट की और फायरिंग कर दी। इस फायरिंग में कंधे व पैर में छर्रे लगने से रामकिशन जख्मी हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल भिजवाया। इधर, छर्रा विधायक रवेंद्रपाल सिंह भी जिला अस्पताल पहुंचे। इंस्पेक्टर के अनुसार मामले में आरोपियों को तलाशा जा रहा है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।