क्राइम डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
थाना क्वार्सी के हाजीपुर फत्तेखां में एक विवाहिता अपने घर में फांसी पर लटकती मिली। विवाहिता के मायका पक्ष ने दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए पति समेत पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने मृतका के ससुर को हिरासत में लिया है।
हाजीपुर फत्तेखा निवासी विजेंद्र पुत्र भगवती के साथ सोरो कांसगंज की रहने वाली जुगेंद्र की बहन 22 वर्षीय मंजू की 30 नवंबर 2017 को शादी हुई थी।
जुगेंद्र का आरोप है कि शादी के बाद दहेज में एक लाख रुपये की मांग को लेकर ससुराली आए दिन मंजू से मारपीट करते थे। इसको लेकर कई बार ससुरालियों को समझाया भी।
आरोप है कि ससुरालियों ने दहेज न मिलने पर पहले उसकी बहन का गला घोंटा और बाद में उसे आत्महत्या को दर्शाने के लिए फांसी लटका दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मृतका के भाई की तहरीर पर पति समेत पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्जकर ससुर को हिरासत में ले लिया है।