क्राइम न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़।
महानगर के देहली गेट थाने के ठीक पीछे एक कोतवाल के रिश्तेदारों ने ऐसी दबंगई दिखाई कि पहले तो उन्होंने काफी समय से रास्ता रोक रखा है। अब जब पड़ोसियों ने विरोध किया तो महिला को बेरहमी से पीटा गया। इस खबर पर जब भाजपाई मौके पर पहुंचे और नाराजगी जताई तो पुलिस ने शांति भंग में कार्रवाई कर दी। हालांकि अभी दबंगों का कब्जा रास्ते से नहीं हटा है।
वाकया इस तरह है कि देहली गेट थाने के पीछे एक पुलिस कोतवाल के रिश्तेदार रहते हैं। पूर्व में कोतवाल अपने जिले में तैनात रहे हैं। आरोप है कि उन्होंने रास्ता रोककर गली में ईंटों का ढेर लगा रखा है।
अब पड़ोसी महिला जावित्री के परिजन अपने घर की छत पर छजली निकाल रहे हैं, जिसमें ईंटों का ढेर बाधक बन रहा है। उन्होंने ईंट हटाने की बात कही, इसी बात पर उन्होंने मारपीट कर दी। महिला जावित्री व कल्लू को बुरी तरह से पीटा गया।
बात पुलिस तक पहुंची। काफी संख्या में हंगामे की दृष्टि से पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने आरोपी प्रभूदयाल यादव पक्ष के तीन लोगों को शांति भंग में पाबंद किया है।
इधर, सूचना पर पूर्व मेयर शकुंतला भारती आदि भी वहां पहुंच गए। उन्होंने पुलिस से रास्ता न खुलवाने को लेकर नाराजगी जताई। पूर्व मेयर का कहना है कि यह सपा शासन काल की तर्ज पर पुलिस काम कर रही है। आखिर रास्ता क्यों नहीं हटवाया गया है।