रिश्ते की मौसी के साथ युवक ने सोमवार रात्रि को जहर खा लिया। दोनों के शव खेत में मंगलवार को सुबह दस मीटर के फासले पर पड़े मिले। पुलिस प्रथम दृष्ट्या इसे आत्महत्या मान रही है। लड़की के पिता की ओर से नखासा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
पुलिस के अनुसार, अमरोहा जिले के आदमपुर थाना क्षेत्र के गांव मुबारिचपुर निवासी कल्याण की बेटी चांदनी (19) अपनी छोटी बहन (10) के साथ संभल के मोहल्ला रुकनुद्दीनसराय में सगी बहन भगवान देई के घर पर 20 मई को आईं थीं। अगले दिन शाम चार बजे दोनों को उनकी बहन और बहनोई ने गवां जाने के लिए बस में बैठा दिया और वे चले गए। इसके बाद वहां चांदनी की फुफेरी बहन का बेटा कपिल (20) पहुंच गया। कपिल नखासा थाने के गांव भड़वारा का निवासी है। चांदनी रिश्ते में उसकी मौसी लगती है। कपिल की बहन की शादी में चांदनी उसके गांव गई थी और वहां पर एक महीने रहकर आई थी। कपिल से हुई बातचीत के बाद चांदनी और उसकी छोटी बहन बस से उतर गई।
कपिल ने संभल स्थित अलीगढ़ अड्डे से खाने का कुछ सामान, पानी की बोतल आदि खरीदी। इसके बाद कपिल ने दोनों से कहा कि रुकनुद्दीनसराय में बहन भगवान देई के घर चलते हैं। जब चांदनी और उसकी बहन ने गवां जाने की बात कही तो कपिल ने इन्हें समझा लिया और आटो में रुकनुद्दीनसराय जाने के स्थान पर कपिल दोनों को हसनपुर रोड ले गया। वहां उतरकर वे तुर्तीपुर इल्हा में खेतों की ओर चले गए। यहां एक खेत में चांदनी और कपिल में देर तक बातें हुईं।
इसके बाद दोनों ने जहर खा लिया।
घटना की जानकारी परिजनों को तब मिली जब सुबह करीब पांच बजे छोटी बहन बड़ी बहन भगवानदेई के घर रुकनुद्दीनसराय पहुंची। चांदनी के पिता कल्याण ने बताया कि उन्हें दामाद ने फोन पर घटना की जानकारी दी। सीओ सुदेश कुमार ने बताया कि आत्महत्या का मामला है। अपर पुलिस अधीक्षक पंकज कुमार पांडेय ने मौके पर फील्ड यूनिट को बुलाकर बरामद सामान पर बने फिंगर प्रिंट कराए हैं। जहर की शीशी को कब्जे में लिया गया है।