बिजौली गोशाला का निरीक्षण करते सीवीओ केपी वार्ष्णेय ।
- फोटो : CITY OFFICE
हर रात के साथ ठंड बढ़ रही है और अफसरों की धड़कन भी। कहीं उनके इलाके की गोशाला में गोवंश सर्दी की भेंट चढ़े तो सख्त कार्रवाई तय है। डीएम चंद्रभूषण सिंह भी लगातार गोशालाओं के निरीक्षण और जमीनी हकीकत को परख रहे हैं। शनिवार को एसडीएम खैर, एसडीएम इगलास और एसडीएम अतरौली के साथ छर्रा नगर पंचायत के अधिशासी अभियंता और मुख्य पशु चिकित्साधिकारी और बीडीओ ने भी दौैड़ लगाई।
एसडीएम खैर अंजुम बी ने खैर मंडी गोशाला का निरीक्षण किया, जहां 150 गोवंश मौके पर मिले हैं। व्यवस्थाओं को बेहतर करने के निर्देश दिए गए। इसके बाद वह मथना गोशाला पहुंची और चारे, पानी के साथ गोवंश को ठंड से बचने के निर्देश दिए।
एसडीएम इगलास अंजनी कुमार सिंह ने चार गोशालाओं का निरीक्षण किया। जिसमें टीकापुर गोशाला में 71 गोवंश के साथ पर्याप्त चारे पानी की व्यवस्था मिली तथा गोवंश को ठंड से बचाने के लिए सचिव व ग्राम प्रधान को तिरपाल तत्काल लगाने के निर्देश दिए। बिशनपुर गोशाला में 34 गोवंश की पर्याप्त चारे पानी की व्यवस्था मिली। तिरपाल तत्काल लगाने के निर्देश दिए गए। चिरौली गोशाला में 64 गोवंश के साथ पर्याप्त चारे पानी की व्यवस्था मिली तथा तिरपाल लगाने के निर्देश दिए गए। इगलास मंडी गोशाला में 27 गोवंश, पर्याप्त चारे पानी की व्यवस्था मिली तिरपाल लगाने को कहा गया।
एसडीएम अतरौली पंकज कुमार ने ककेथल व सालपुर गोशाला का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जिसमें ककेथल में 200 व सालपुर में 32 गोवंश मौके पर मिले हैं। चारे पानी की व्यवस्था है। ठंड से बचने के लिए तत्काल तिरपाल लगाने की व्यवस्था की गई है। बीडीओ अतरौली बीपी सत्यार्थी उपस्थित रहे।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी केपी वार्ष्णेय ने गोआश्रय स्थल दादों विकास खंड विजौली का निरीक्षण किया। यहां 95 गोवंश संरक्षित हैं। एक पशु शेड, पानी की होदी तथा एक भूसा स्टोर है। 32 क्विंटल भूसा तथा 70 क्विंटल करब की कुटी मिली। 50 क्विंटल की बुर्जी भी खरीदी गई है। टीकाकरण कर दिया गया है। एक गाय बीमार है, जिसकी सांड़ द्वारा हिंसा करने से रीढ हड्डी टूटी हुई है। नजदीक की 15 बीघा जमीन की जुताई कर दी गई है। जिसमें जई चारा उगाया जाएगा। गोशाला संचालन में कुछ व्यक्ति व्यवधान उत्पन्न कर रहे हैं जो श्रमिकों को गाली गलौज करते रहते हैं।
छर्रा नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी नरेश सिंह ने छर्रा नगर पंचायत गोशाला का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं दुरुस्त करने को कहा। यहां 36 गोवंश हैं। बीडीओ गंगीरी संजीव कुमार तिवारी ने गालिबपुर गोशाला का निरीक्षण किया। पिलखना नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी सुरेंद्र कुमार ने पिलखना नगर पंचायत गोशाला का निरीक्षण किया और तत्काल व्यवस्थाएं दुरुस्त करने का निर्देश दिया।