मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन के पहले जिला जेल के छह कोविड मरीजों को पं. दीनदयाल उपाध्याय संयुक्त चिकित्सालय से हरदुआगंज स्थित एल-1 अस्पताल में भेज दिया गया है। वर्तमान में दीनदयाल में कोविड के पांच मरीज बचे हैं, जिनमें तीन ऑक्सीजन पर हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को पं. दीनदयाल उपाध्याय संयुक्त चिकित्सालय (एल-2) का निरीक्षण करने वाले हैं। वह कोविड मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं एवं तीसरी लहर की तैयारियों का जायजा ले सकते हैं। शुक्रवार को अस्पताल में जिला जेल के छह सहित कुल 11 कोविड मरीज भर्ती थे। मुख्यमंत्री के आगमन की सूचना मिलने के बाद जिला जेल के छह मरीजों को आनन-फानन में हरदुआगंज स्थित एल-1 अस्पताल में शिफ्ट कर दिया गया है। दीनदयाल अस्पताल में अब सिर्फ पांच कोविड मरीज बचे हैं। पांच में से तीन को ऑक्सीजन की जरूरत है। चिकित्सकों का कहना है कि वर्तमान में दीनदयाल अस्पताल में 26 नॉन कोविड एवं पांच कोविड मरीजों सहित कुल 31 मरीज है। कोविड के मरीजों को भर्ती किए जाने के कारण यहां सामान्य मरीज भर्ती होने से बच रहे हैं।