कोरोना के ओमिक्रॉन वैरिएंट के खतरे को देखते हए स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। राहत की बात यह है कि चार हजार से अधिक लोगों की जांच में एक भी पॉजिटिव केस सामने नहीं आया है। 2352 जांचें जनपद की सीमा एवं ग्रामीण क्षेत्रों में हुई हैं।
सीएमओ डॉ. आनंद उपाध्याय ने बताया कि बुधवार को 4017 लोगों की कोविड जांच हुई। कोई नया मरीज सामने नहीं आया है। जनपद में मात्र एक मरीज पहले से संक्रमित है। उन्होंने बताया कि जनपद में अभी तक 17.61 लाख लोगों की कोविड जांच हुई है। ओमिक्रॉन वैरिएंट को देखते हुए टेस्ट, ट्रैक एवं ट्रीटमेंट की नीति अपनाई जा रही है। रेलवे स्टेशन, सारसौल एवं गांधी पार्क बस स्टैंड पर एंटीजन एवं आरटीपीसीआर जांच हो रही है। शहरी क्षेत्र में 9 टीमें जुटी हैं। इसके अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर जांच हो रही है। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एमके माथुर ने बताया कोरोना के ओमिक्रॉन वैरिएंट बेहद संक्रामक और घातक है। अध्ययनों में पाया गया है कि कोरोना का यह वैरिएंट आसानी से शरीर में वैक्सीन से बनी प्रतिरक्षा प्रणाली को चकमा देने में सफल हो सकता है।
जनपद में प्रथम डोज का आंकड़ा 21 लाख से पार
अलीगढ़। जनपद में 21 लाख से अधिक लोगों को कोविड रोधी टीका का प्रथम डोज लग गया है। वहीं 9.67 लाख लोगों को दूसरी डोज लगी है। सीएमओ डॉ. आनंद उपाध्याय ने बताया कि बुधवार को प्रथम डोज का आंकड़ा 21 लाख से पार कर गया है। 18 वर्ष से अधिक उम्र के करीब 27 लाख लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य है।