हाईवे स्थित कटरा मोड़ पर रविवार की देर रात को कार की टक्कर से बाइक सवार दंपती घायल हो गए थे। दोनों को जिला अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने महिला को मृत घोषित कर दिया।
क्षेत्र के गांव अर्जुनपुर निवासी जितेंद्र रविवार की रात करीब 11 बजे अपनी पत्नी आदेश (35) के साथ बाइक से खुर्जा के अस्पताल में भर्ती अपने साले नीरज निवासी गांव बान थाना छतारी बुलंदशहर को देखने जा रहे थे। नीरज एक सड़क हादसे में घायल हो गए हैं। हाईवे पर कटरा मोड़ के समीप पीछे से आ रही कार ने बाइक में टक्कर मार दी। दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डाक्टरों ने आदेश को मृत घोषित कर दिया, जबकि जितेंद्र का उपचार चल रहा है। आदेश अपने पीछे दो बेटी-बेटा को रोते-बिलखते छोड़ गई हैं।