प्रदेश में केंद्रित फोकस टीकाकरण अभियान की शुरुआत बृहस्पतिवार से होने जा रही है। पहले दिन 45 वर्ष से अधिक उम्र के मीडिया संस्थानों के कर्मचारियों, अखबार वितरकों एवं दुकानदारों को टीका लगाया जाएगा।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बीपी सिंह कल्याणी ने बताया कि कोरोना का संक्रमण फिर से फैलने के बाद अधिक से अधिक लोगों को कोरोना टीका लगवाने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि संक्रमण को बढ़ने से रोका जा सके। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. दुर्गेश कुमार ने बताया कि आठ व नौ अप्रैल को मीडिया कर्मियों व उनके प्रतिष्ठानों के अलावा अखबार वितरक व दुकानदारों का केंद्रित टीकाकरण किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि 10 अप्रैल को बैंक एवं इंश्योरेंस कर्मियों, 12, 13 एवं 14 अप्रैल को स्कूल-कॉलेज के अध्यापकों, 15 एवं 16 अप्रैल को बस ड्राइवर, ऑटो रिक्शा ड्राइवर, रेहड़ी व पटरी के दुकानदारों, 17 व 19 अप्रैल को सरकारी कार्यालयों के अधिकारी व अधीनस्थ कर्मचारियों, 20 ए 21 अप्रैल को अधिवक्ता बंधु व ज्यूडिशियल कर्मचारियों 22 व 23 अप्रैल को प्राइवेट कार्यालयों के अधिकारी व निजी कर्मचारियों को टीका लगाया जाएगा। उन्होंने लक्षित समूह से निर्धारित तिथि में आकर टीकाकरण कराने का आह्वान किया।