कोरोना महामारी को लेकर जिले में हो रहे कार्यों की समीक्षा बुधवार को जिले के प्रभारी मंत्री सुरेशा राणा ने वर्चुअल मीटिंग के जरिये की। इसमें प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधि शामिल रहे। जिलाधिकारी ने जिले के आंकड़े पेश करते हुए कहा कि कोरोना रिकवरी रेट में अलीगढ़ राष्ट्रीय रिकवरी रेट के सापेक्ष 16 प्रतिशत आगे है। जिले में 71 प्रतिशत की दर से कोरोना मरीज रिकवर हुए हैं। जिले में अब तक 416 संक्रमित मरीज पाए गए। इनमें से 240 स्वस्थ होकर अपने घर भी जा चुके हैं।
कलेक्ट्रेट सभागार से हुई वर्चुअल मीटिंग में जिलाधिकारी चंद्रभूषण सिंह ने प्रभारी मंत्री को बताया कि जनपद में अब तक 16000 के करीब सैंपल लिए गए हैं। इसमें से 416 की रिपोर्ट पॉजिटिव प्राप्त हुई है, जिसमें से 240 संक्रमित स्वस्थ होकर घर जा चुके हैं। जनपद में स्वस्थ दर 71 प्रतिशत से अधिक है, जो कि राष्ट्रीय रिकवरी रेट से 16 प्रतिशत अधिक है। प्रतिदिन 300 लोगों का नमूने परीक्षण के लिए भेजे जा रहे हैं। अभी तक मेडिकल कॉलेज में एल-2 हॉस्पीटल संचालित किया जा रहा था।
अब दीनदयाल हॉस्पिटल में भी एल-2 की सुविधा शुरू हो गई है। हल्के लक्षण वाले केसों को अतरौली कोविड हॉस्पिटल भेजा जा रहा है। 24 घंटे कंट्रोल रूम का संचालन कर सभी कोविड अस्पतालों की नियमित निगरानी हो रही है। जनपद में दो बार डोर-टू-डोर सैंपलिंग कराते हुए गंभीर बीमारियों से ग्रस्त मरीजों का डाटा तैयार किया गया है। डीएम ने कहा कि वर्तमान में सामुदायिक संक्रमण को जांचने के लिए रेलवे स्टेशन, बस अड्डे, भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर, ठेले-रेहड़ी वाले हॉकर की रैंडम जांच कराई जा रही है।
निजी चिकित्सालयों को कोरोना इलाज के लिए प्रेरित किया है। सर्विलांस टीम गठित कर गांव-देहात में भी रैंडम जांच कराई जा रही है। जेल से 500 सैंपल कराए गए, जिनमें दो पॉजिटिव केस मिले। एसएसपी ने बताया कि जिला पुलिस पूरी मुस्तैदी के साथ बाजारों में सोशल डिस्टेंसिंग और मास्क पहनने के नियम का पालन कराने में जुटी है। जिले में क्राइम भी कंट्रोल में है। अपराधियों के खिलाफ धरपकड़ अभियान चलाया जा रहा है। इससे क्राइम दर में कमी आई है।
दीनदयाल परिसर की एक बिल्डिंग खाली, उसे बनाया जाए कोविड अस्पताल
वर्चुअल मीटिंग में कोल विधायक अनिल पाराशर लखनऊ से जुड़े। उन्होंने प्रभारी मंत्री को सुझाव दिया कि दीन दयाल अस्पताल में एक बिल्डिंग खाली पड़ी है। उसकी रंगाई-पुताई कराकर उसे कोविड अस्पताल की तर्ज पर विकसित किया जाएं या सामान्य ओपीडी के काम में ले लिया जाए।
वर्तमान में प्रशासन टेंट के पलंग और चादरों के सहारे मैरिज होम्स में अस्थायी अस्पताल बनाकर भविष्य में स्थिति बिगड़ने पर कंट्रोल करने के लिए प्लान तैयार कर रहा है, जबकि बिल्डिंग पर खर्चा करके उसे स्थायी तौर पर ही इस्तेमाल किया जा सकता है। इसके साथ ही उन्होंने अलीगढ़ में स्थापित होने वाली मंडल स्तरीय जांच लैब भी दीन दयाल में बनाने और वर्तमान में कोविड के कारण रुके विकास कार्यों को फिर से सुचारू कराने की मांग की। इस पर प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।
इधर, अलीगढ़ सांसद सतीश गौतम ने सभी सरकारी कार्मिकों के योगदान की प्रशंसा करते हुए कहा कि जहां आदमी जाने से बच रहा है, वहां प्रशासनिक अधिकारी निरंतर भ्रमण कर रहे हैं। मनरेगा में अच्छा कार्य किया जा रहा है। प्रवासियों को रोजगार दिया जा रहा है। जिले में सभी कार्य कुशलता पूर्वक हो रहे हैं। वहीं, एटा जिले के सांसद राजवीर सिंह उर्फ राजू भैया ने एटा जिला प्रशासन द्वारा अब तक कराए गए कार्यों पर संतोष जाहिर किया। उन्होंने कहा कि प्रशासन शासन के दिशा निर्देशों पर काम कर रहा है।
राज्यमंत्री संदीप सिंह ने कहा कि कोविड संक्रमण को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक कर हालात पर पैनी नजर रखी जा रही है। अलीगढ़ के शहर विधायक संजीव राजा ने जेएन मेडीकल कॉलेज की लैब से नमूना परीक्षण रिपोर्ट समय से नहीं आ पाने की शिकायत की। उन्होंने सुझाव दिया कि दीनदयाल अस्पताल में भी परीक्षण प्रयोगशाला स्थापित की जाए तो काफी बेहतर होगा। इगलास विधायक राजकुमार सहयोगी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इगलास में कोरोना संक्रमित मरीजों का इलाज शुरू कराए जाने की मांग की।
उन्होंने बताया कि इगलास में अभी तक एक ही पॉजिटिव केस निकला है। जनपद मुख्यालय से इगलास की दूरी अधिक होने के कारण सीएचसी पर ही उपचार की सुविधा होनी चाहिए। छर्रा विधायक ठा. रवेंद्र पाल सिंह ने सुझाव दिया कि कारोना वायरस से निपटने के लिए टेस्टिंग क्षमता को बढ़ाए जाने के साथ ही जल्द परिणाम प्राप्त होने की बेहद आवश्यकता है। शारीरिक दूरी और मास्क का शत-प्रतिशत अनुपालन अधिकारी आवश्यक कराएं।
इधर, भाजपा जिलाध्यक्ष ऋषिपाल सिंह ने प्रवासी श्रमिकों के रजिस्ट्रेशन एवं स्किल मैपिंग की प्रक्रिया सरल बनाए जाने की बात करते हुए मजदूरों को सरलता से ऋण उपलब्ध कराए जाने की मांग की। महानगर अध्यक्ष विवेक सारस्वत ने नमूना परीक्षण रिपोर्ट समय से प्राप्त कराए जाने का मुद्दा उठाया।
स्वास्थ्य मंत्री से की जेएनएमसी की शिकायत
विधायक अनिल पाराशर ने बताया कि उन्होंने लखनऊ में प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री के साथ बैठक की। इसमें जिले की स्थिति से अवगत कराया। साथ ही जेएन मेडिकल कालेज की कोरोना रिपोर्ट देने में हो रही लेटलतीफी को लेकर भी मुद्दा उठाया। साथ ही अलीगढ़ को एक एंटीजन टेस्ट मशीन उपलब्ध कराने को कहा, जिससे की जल्द जांच परिणाम सामने आएं।