कोरोना वायरस संक्रमण के अधिकांश मामले शहर के तीन विशेष क्षेत्रों से हैं। इन क्षेत्रों से बाकी के शहर को बचाने के लिए अब और सख्ती से लॉकडाउन का पालन कराया जाएगा। यही वजह है कि तीन थाना क्षेत्रों में शत प्रतिशत लॉक डाउन की घोषणा की गई है। यह बात बुधवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुनिराज जी ने अमर उजाला फेसबुक लाइव के दौरान कहीं।
एसएसपी ने कहा कि लॉकडाउन के पहले दो चरणों में अलीगढ़ में कोरोना वायरस संक्रमण के कोई खास मामले नहीं आए। तीसरे चरण में मामले आए और उनकी संख्या भी बढ़ी। इस समय 60 से अधिक पॉजिटिव केस सामने आ चुके हैं, जिनमें पांच की मृत्यु हो चुकी है। 25 मरीज स्वस्थ होकर अपने घर भी जा चुके हैं और करीब 40 सक्रिय मरीज अभी भी हैं। शहर में जहां सबसे अधिक कोरोना वायरस संक्रमण के मामले पाए गए हैं उनमें कैलाश गली, उस्मान पाड़ा और सासनी गेट का इलाका है। यहां पर हम लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं। शहर का जो शेष इलाका है वहां पर इतनी ज्यादा संख्या में कोरोना वायरस संक्रमण के केस नहीं आए हैं। जो मामले आए हैं वह मरीज स्वस्थ भी हो गए हैं। इसलिए जो यह तीन विशेष क्षेत्र हैं वहां पर प्रशासनिक अधिकारियों से बातचीत कर बैरिकेडिंग लगाई गई है। यहां पर हर प्रकार का मूवमेंट बंद किया गया है।
इसके अलावा इन क्षेत्रों में आवश्यक सेवाओं को बनाए रखने के लिए स्थानीय युवक कोरोना वॉलिंटियर के रूप में चयनित किए जा रहे हैं। इनमें खासतौर से युवाओं को लिया जा रहा है। यहां पर जागरूकता फैलाने का काम करेंगे। साथ ही यहां के मूवमेंट की भी सूचना पुलिस को देंगे। इसके अलावा लाउडस्पीकर के माध्यम से भी जनता से लगातार अपील और संवाद किया जा रहा है। इन तीन विशेष क्षेत्रों में जो पुलिसकर्मी तैनात हैं उनको भी ग्लव्स दिए गए हैं। मास्क दिए गए हैं और साथ-साथ हेड गियर भी दिए गए हैं। जिला प्रशासन के साथ विचार चल रहा है कि इन क्षेत्रों में दवा की दुकानों को ऑड ईवन प्रणाली के आधार पर खोलने की शुरुआत की जाए, जिससे कि लोगों को दवा आदि मिल सके।
आने वाले दिनों में ईद को ध्यान में रखते हुए पीस कमेटी के साथ हमारे पुलिस अधिकारियों ने बैठक की है। सभी धर्मगुरुओं ने आश्वासन दिया है कि वह दिशा निर्देशों का पूरी तरह पालन कराएंगे। हमने संबंधित इलाकों में डिजिटल डिस्पले भी लांच किया है। इसमें धर्म गुरुओं के वीडियो लगातार दिखाई जा रहे हैं। इस तरह प्रभावित क्षेत्र को शेष शहर से अलग रखकर कोरोना वायरस के खिलाफ चल रही जंग को हम जीत लेंगे। हमें उम्मीद है कि जल्द ही पूरा शहर कोरोना वायरस से मुक्त हो जाएगा।
व्हाट्सएप डीपी पर पुलिस लोगो कर रहा उत्साहवर्धन
जिला पुलिस के सोशल मीडिया सेल की ओर से उन लोगों का धन्यवाद दिया गया है जिन लोगों ने अपने व्हाट्सएप डीपी पर यूपी पुलिस का लोगो लगा रखा है। अपने जिले में ऐसे अनगिनत व्हाट्सएप नंबर हैं जो
कोरोना योद्धा के रूप में पुलिस का उत्साहवर्धन करते हुए डीपी पर पुलिस का लोगो लगाए हुए हैं। इनका पुलिस ने धन्यवाद ज्ञापित किया है।