अलीगढ़ के थाना सिविल लाइन्स स्थित हमजा रेजिडेंसी में पानी की टंकी चलाने और बंद करने जैसी मामूली बात को लेकर एक बड़ा विवाद सामने आया है। रेजिडेंसी में रहने वाले दबंगों ने सोसाइटी के ही चौकीदार के नाबालिग बच्चे को पीटने के बाद, बीच-बचाव करने आए चौकीदार पर लोहे की छुरी से हमला कर दिया। इस हमले में चौकीदार का सिर फट गया है, जबकि उसकी पत्नी को भी बेरहमी से पीटा गया है। पुलिस ने इस मामले में नामजद और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित चौकीदार अली ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह पिछले 5-6 वर्षों से सपरिवार हमजा रेजिडेंसी में रहकर चौकीदारी का काम करता है। घटना के दिन रेजिडेंसी के फ्लैट संख्या बी-2 में रहने वाले नजमी ने अली के नाबालिग बेटे से पानी की टंकी चलाने को कहा। बच्चे ने मोटर चला दी और टंकी भरने पर उसे बंद कर दिया। कुछ ही देर बाद नजमी दोबारा जबरन टंकी चलाने का दबाव बनाने लगा। जब बच्चे ने शालीनता से कहा कि अंकल टंकी भरी हुई है, पानी बाहर बहेगा, तो नजमी आगबबूला हो गया। आरोप है कि उसने बच्चे को औकात दिखाने की बात कहते हुए उसके चेहरे पर ताबड़तोड़ चांटे जड़ दिए।
बच्चे के रोने की आवाज सुनकर जब चौकीदार अली और उसकी पत्नी मौके पर पहुंचे, तो नजमी ने अपने बेटे अयान, भाई सैफुल्लाह असदुल्लाह और साले शाकिर समेत कई अन्य बाहरी अज्ञात लोगों को वहां बुला लिया। नजमी ने उसके सिर पर लोहे की धारदार छुरी से वार कर दिया, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। इस दौरान जब उसकी पत्नी बीच-बचाव करने आई, तो असदुल्लाह और शाकिर ने उसे भी बेरहमी से पीटा। वारदात के समय जब पीड़ित पुलिस को सूचना देने का प्रयास कर रहा था, तो आरोपी सैफुल्लाह ने उसका मोबाइल फोन भी छीन लिया।
पीड़ित पक्ष के अनुसार, मारपीट और जानलेवा हमले की यह पूरी वारदात परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। सीओ तृतीय सर्वम सिंह ने बताया कि घटना की जांच चल रही है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर फरार आरोपियों की तलाश कर रही है।