अब ये नारियल शादी, पार्टी व अन्य उत्सवों पर खानपान का हिस्सा भी बन गया है। बाजार में कई ब्रांडेड कंपनियां नारियल पानी बेच रही हैं। वहीं पार्टियों में इसको सजाकर कैटर्स व हलवाई अपना ब्रांड नेम लिखकर आपके सामने पेश करते हैं। जिससे इसकी सुंदरता में चार चांद लग जाते हैं।
कई बीमारियों में लाभकारी
डेंगू में प्लेटलेट्स बढ़ानी हो या फिर बीमारी के दौरान मरीज की इम्युनिटी नारियल पानी सभी चीजों में फिट बैठता है। गर्मी में इसके सेवन से शरीर में शीतलता आती है। चिकित्सक भी इसके सेवन की सलाह देते हैं। इससे नारियल पानी के दाम बढ़ गए है। कोरोना के दौरान लोगों ने इसका काफी सेवन किया था। यह स्ट्रेस को कम करने के साथ-साथ पेट की समस्या को दूर करता है और पाचन क्रिया को बढ़ाता है। इसके अलावा त्वचा को भी निखारने में मदद करता है। मॉर्निंग वॉक और जिम जाने वाले भी इसका रोजाना सेवन कर रहे हैं।
किडनी के मरीज लें पहले डॉक्टर की सलाह
डायटीशियन डॉ ऋचा तिवारी बताती हैं कि नारियल पानी विटामिन और मिनरल से भरपूर होता है। इसमें विटामिन सी, विटामिन बी के साथ ही कैल्शियम, आयरन, फास्फोरस, जिंक, मैंगनीज, मैग्नीशियम, सोडियम और कॉपर के तत्व होते हैं। हृदय रोग मे इसका सेवन लाभकारी है। लेकिन, किडनी के मरीज इसके सेवन से बचें। डॉक्टर की सलाह के बाद ही लें। क्योंकि इसमें पोटैशियम की मात्रा ज्यादा होती है। इम्यून सिस्टम को मजबूत करने के साथ ही शरीर का मेटाबॉलिज्म भी बढ़ता है। ये एक कैलोरी ड्रिंक है, जिससे वजन भी कंट्रोल रहता है।
नारियल पानी का सेवन हर वर्ग के लोगों के लिए फायदेमंद है। रोजाना सेवन से कई बीमारियां दूर रहती हैं। गर्मी में डिहाइड्रेशन की कमी को पूरा करता है। डायरिया, दस्त, बुखार, डेंगू में काफी लाभदायक है। -डॉ. प्रदीप बंसल, बाल रोग विशेषज्ञ
शहर में बेंगलुरु, कर्नाटक, मेंसूर, कोलकाता से नारियल आता है। कोरोना के बाद इसकी मांग बढ़ी है। रोजाना करीब 20 हजार से अधिक नारियल की खपत है। दो से तीन ट्रक माल मंडियों में उतरता है। -मुकेश राठौर, फल कारोबारी