सबसे शिक्षित और स्मार्ट सिटी के अंतर्गत आने वाले क्षेत्र धौर्रा माफी में कूड़ा, गंदगी और जलभराव को लेकर कांग्रेसियों ने क्षेत्रीय लोगों के साथ मिलकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेसियों ने नगर निगम को एक सप्ताह का समय दिया है और चेतावनी दी है कि अगर इस बीच धौर्रा माफी में कूड़ा, गंदगी और जलभराव की समस्या का समाधान नहीं हुआ तो नगर निगम का घेराव किया जाएगा।
कांग्रेस नेता इंजीनियर आगा यूनुस ने बताया कि इस क्षेत्र में संचालित हो रहे कुछ नर्सिंग होम अपना मेडिकल वेस्ट आसपास की खाली प्लाट में फेंक देते हैं। जिससे संक्रामक रोगों का खतरा भी बढ़ जाता है।
यहां पर नालियों की सफाई किए जाने की भी कोई व्यवस्था नहीं है।
एक मुख्य नाला आबादी के बीच से होकर गुजर रहा है, लेकिन इसकी कभी भी सफाई नहीं हुई है। यह गंदगी से अटा पड़ा है। सफाई कर्मचारियों की यहां पर तैनाती नहीं है। इन्हीं सब समस्याओं के चलते प्रदर्शन किया गया।