ललितपुर में कांग्रेसियों द्वारा निकाली जा रही गाय बचाओ, किसान बचाओ पदयात्रा में शामिल अलीगढ़ के कांग्रेसियों को भी वहां गिरफ्तार किया गया है। इसमें प्रदेश उपाध्यक्ष योगेश दीक्षित भी शामिल हैं। कांग्रेसियों को इस तरह गिरफ्तार किए जाने की जिला कांग्रेस कमेटी सहित अन्य कांग्रेसी नेताओं ने निंदा की है।
ललितपुर में प्रदेश उपाध्यक्ष विधायक सोहेल अंसारी, पूर्व विधायक प्रदीप माथुर, प्रदेश उपाध्यक्ष योगेश दीक्षित, विश्व विजय सिंह आदि को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी में अलीगढ़ के कांग्रेसियों में प्रदेश उपाध्यक्ष योगेश दीक्षित के अलावा अमित उपाध्याय रिंकू, अजय शर्मा, रूपेश पाठक, राहुल राय आदि को गिरफ्तार किया गया है। अमित उपाध्याय रिंकू ने बताया कि पुलिस ने पहले लाठीचार्ज किया।
बाद में कांग्रेसियों को गिरफ्तार किया गया। मौजूदा सरकार में गायों की बहुत दुर्दशा हो रही है। गोवंश कड़ाके की ठंड में भूखे मरने को मजबूर है। किसान बर्बाद हो रहा है और इसके लिए आवाज उठाने वाले लोगों का दमन किया जा रहा है। कांग्रेस पार्टी इसके लिए संघर्ष करती रहेगी।